'कुछ लोग बाहर कूद गए थे, मैंने उसे फंसे हुए देखा', वियतनाम हादसे में मारे गए व्यक्ति के दोस्त ने सुनाई आंखोंदेखी
वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास स्पीडबोट पलटने की दर्दनाक घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

वियतनाम हादसे में मारे गए व्यक्ति के दोस्त ने सुनाई आंखोंदेखी
HighLights
शुरू होने के तीन मिनट के अंदर ही तेज तूफान आया और नाव उलट गई
पीछे बैठे 15 लोग नाव के अंदर फंस गए और उनकी मौत हो गई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास स्पीडबोट पलटने की दर्दनाक घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। इस हादसे में बचे एक व्यक्ति ने अपने करीबी दोस्त की मौत का हृदयविदारक बयान दिया है।
घटना में बचे निर्मल कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह एक बंद स्पीडबोट थी जिसमें 32 यात्री सवार थे। नाव बंदरगाह से रवाना होने के महज तीन मिनट के अंदर तेज तूफान के कारण पलट गई।
निर्मल कुमार ने बताया कि नाव के आगे बैठे यात्री खिड़की से कूदकर बाहर निकल गए, लेकिन पीछे बैठे लोग फंस गए। उन्होंने कहा कि हम स्पीडबोट में यात्रा कर रहे थे। यह बंद नाव थी जिसमें करीब 36 लोग सवार थे। शुरू होने के तीन मिनट के अंदर ही तेज तूफान आया और नाव उलट गई।
आगे कहा कि हममें से करीब 20 लोग आगे वाली खिड़की से बाहर कूदकर बच गए। पीछे बैठे 15 लोग नाव के अंदर फंस गए और उनकी मौत हो गई।
निर्मल कुमार के करीबी दोस्त मुरुगा प्रभु (पालनी, तमिलनाडु) भी उन्हीं में शामिल थे जो नाव के अंदर फंस गए। कुमार ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। हम दोनों दोस्त थे। मैंने उन्हें भी खिड़की से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वो बाहर नहीं निकल सके। मैंने देखा कि वो अंदर फंस गए।
यह यात्रा लावा मोबाइल कंपनी द्वारा आयोजित की गई थी। कंपनी के करीब 110 डिस्ट्रीब्यूटर और कर्मचारी दक्षिण भारत से इस टूर पर गए थे। लावा मोबाइल ने कहा कि वे भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।
