फ्रांस में आंसू गैस के इस्तेमाल पर उठे सवाल, महिलाओं ने की अनियमित माहवारी और पेट दर्द की शिकायत
फ्रांस में आंसू गैस के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं, जहां महिलाओं ने इसके संपर्क में आने के बाद माहवारी में बदलाव और पेट दर्द की शिकायत की है।

HighLights
महिलाओं ने आंसू गैस से माहवारी में बदलाव की शिकायत की।
सामाजिक संगठन आंसू गैस पर प्रतिबंध और जांच की मांग कर रहे।
फ्रांसीसी सरकार भीड़ नियंत्रण के लिए आंसू गैस को आवश्यक मानती है।
डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस में में आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कई महिलाओं ने आरोप लगाया है कि आंसू गैस के संपर्क में आने के बाद उन्हें माहवारी में बदलाव, पेट दर्द जैसी समस्याएं हुई हैं।
महिला अधिकार समूह का दावा है कि उसे इस संबंध में 10 हजार से ज्यादा शिकायतें मिलीं। दरअसल, फ्रांस में हाल ही में छात्रों के प्रदर्शनों के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया था।
सामाजिक संगठनों और विपक्षी नेताओं ने आंसू गैस के इस्तेमाल पर रोक लगाने और स्वास्थ्य प्रभावों की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इससे महिलाओं में मासिक धर्म से जुड़े बदलाव और प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि विज्ञानियों ने अभी तक साबित नहीं किया है कि आंसू गैस से पीरियड्स में बदलाव या गर्भपात जैसी समस्याएं होती हैं।
अमेरिका में हुए एक अध्ययन में इसके संभावित संबंध के संकेत मिले थे, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई। फ्रांस के गृह मंत्री लारेंट नुनेज ने प्रतिबंध की मांग खारिज करते हुए कहा है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस जरूरी है।
पुलिस आमतौर पर आंसू गैस के लिए सीएस नामक रसायन का इस्तेमाल करती है। यह आंखों, त्वचा और सांस लेने की नली में जलन पैदा करता है।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)