COVID-19 के रोज 17,178 नए मामलों के बावजूद फ्रांस में राहत, लॉकडाउन में बड़ी ढील
कोरोना महामारी के व्यापक प्रकोप से जूझ रहे फ्रांस ने राहत की सांस ली है। फ्रांस ने जानकारी दी है कि करीब दो सप्ताह से अस्पतालों में कोरोना मरीजों की आमद में भारी कमी आई है।
पेरिस, एजेंसी। कोरोना महामारी के व्यापक प्रकोप से जूझ रहे फ्रांस ने राहत की सांस ली है। फ्रांस ने जानकारी दी है कि करीब दो सप्ताह से अस्पतालों में कोरोना मरीजों की आमद में भारी कमी आई है। इसके मद्देनजर फ्रांस सरकार ने दो महीने से चले आ रहे राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में ढील देते हुए कुछ कठोर शर्तों के साथ कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोल दिया है। शनिवार को कोरोना वायरस के 17,178 नए मामले सामने आए। 1665 संक्रमित मरीजों को गहन चिकित्सा में रखा गया है।
यूरोपीय देशों में चौथे स्थान पर है फ्रांस
गौरतलब है कि यूरोपीय देशों में कई मुल्कों में कोरोना वायरस का कहर जारी है। यूरोपीय देशों में स्पेन, इटली और ब्रिटेन के बाद कोरोना महामारी का सर्वाधिक प्रकोप फ्रांस में है। यूरोपीय देशों में संक्रमितों की संख्या के लिहाज से फ्रांस चौथे स्थान पर है। फ्रांस में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 182,469 के पार हो गई है, जबकि इससे मरने वालों का आंकड़ा 28,332 के पार है। देश में कुल 64,547 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 89,590 सक्रिय मरीज अस्पताल में हैं। कोरोना संक्रमितों के मामले में कभी दूसरे स्थानपर रहने वाला स्पेन अब चौथे स्थान पर आ गया है। ब्राजील और रूस संक्रमित मरीजों की संख्या के मामले में स्पेन से ऊपर निकल गए हैं। हालांकि, यूरोपीय देशों के लिहाज से स्पेन अभी भी टॉप पर बना हुआ है।
स्पेन में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 282,370 के पार निकल गई है, जबकि संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 28,678 के पार है। मरीजों की संख्या के लिहाज से ब्रिटेन दूसरे स्थान पर है। ब्रिटेन में संक्रमित रोगियों की संख्या 257,154 पहुंच गई है, जबकि मरने का आंकड़ा 36,675 के पार हो गया है। यहां मौत का आंकड़ा सर्वाधिक है। पूरी दुनिया में कोरोना से मौत के लिहाज से ब्रिटेन अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। यह चिंता की बात है। यूरोपीय देशों में इटली तीसरे स्थान पर है। यहां मरीजों की कुल संख्या 229,327 के पार जा चुकी है,जबकि संक्रमण से मरने वालों की तादाद 32,735 पहुंच गई है।
दो महीने के बाद लॉकडाउन में ढील
फ्रांस सरकार ने कोरोना वारयरस की स्थिति में सुधार के बाद दो महीने के बाद लॉकडाउन में ढील दी गई है। 11 मई से लोगों को घरों से निकलने की इजाजत दी गई है। प्रतिबंधों में भी ढील दी गई है। स्कूलों और दुकानों को पुन: खोल दिया गया है। आंतरिक मंत्रालय ने शनिवार को प्रतिबंधात्मक उपायों में और ढील देने की घोषणा की है। इसके बाद धार्मिक समारोहों की अनुमति मिल सके, लेकिन पूजा स्थलों में मास्क पहनने, एक मीटर की दूरी का सम्मान करने और हाथ धोने की सलाह दी।