विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्रांस में जंगलों की आग के दौरान पहली बार बने 'फायर क्लाउड'

Published: Tue, 28 Jul 2026 12:26 PM (IST)

दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में भीषण जंगल की आग ने एक दुर्लभ पायरोक्यूम्यलोनिम्बस बादल का रूप ले लिया, जिससे बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण आग और फैल गई।

HighLights

  1. फ्रांस में जंगल की आग से बना पायरोक्यूम्यलोनिम्बस बादल।

  2. बादल से गिरी बिजली ने आग को और फैलाया।

  3. यूरोप में दुर्लभ घटना, जलवायु परिवर्तन से जुड़ी।

डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस के जंगलों में लगी भयानक आग के दौरान अग्निशमन कर्मियों का सामना एक ऐसी खतरनाक घटना से हुआ जिसे उनमें से कई ने पहले कभी नहीं देखा था। यह घटना है पाइरोक्यूम्यलोनिम्बस या फायर क्लाउड (आग वाला बादल)।

आग से बनने वाले ये बादल बड़ी आग या ज्वालामुखी फटने से निकलने वाली तेज गर्मी से बनते हैं। इनसे बिजली कड़कती है व जलते हुए अंगारे निकलते हैं जिनसे और आग लग सकती है। साथ ही इनसे तेज एवं अनिश्चित हवाएं चलती हैं जो आग को और भड़काती हैं व अंगारों को फैलाती हैं।

लेकिन इनसे बारिश शायद ही कभी होती है। गिरोंडे इलाके में फायर और इमरजेंसी सर्विस के निदेशक मार्क वर्म्यूलेन ने रविवार को प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि वीकेंड के दौरान फ्रांस के सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाकों में से एक में एक फायर क्लाउड की वजह से और आग लग गई।

images (2)

फ्रांस के नेशनल फायरफाइटर्स फेडरेशन के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एरिक ब्रोकार्डी ने एएफपी को बताया, "हालांकि कनाडा और आस्ट्रेलिया में इस तरह की आग अक्सर लगती रहती है, लेकिन फ्रांस में यह पहली बार हुआ है।"

france fire (1)

अग्निशमन कर्मियों के लिए बड़ी चुनौती

फायर क्लाउड की घटना अग्निशमन कर्मियों के लिए बहुत बड़ी चुनौतियां पैदा करती है। नासा के अनुसार, ये बादल आग बुझाने की कोशिशों में रुकावट डालते हैं और समुदायों को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं।

फ्रांस और स्पेन में अग्निशमन कर्मियों ने सोमवार को बेहतर मौसम का फायदा उठाते हुए जंगलों में लगी भीषण आग पर काबू पाने की कोशिश की। दोनों देश आग बुझाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं क्योंकि इस हफ्ते के आखिर में दोनों देशों में एक और हीटवेव आने की आशंका है। पश्चिमी यूरोप में इस बार गर्मी का मौसम बहुत गर्म और शुष्क रहा है।

france wildlife fire (1)

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दी चेतावनी

फ्रांस में लगभग 2,20,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है, जबकि स्पेन में एक लाख लोगों को अपने घर छोड़ने या सुरक्षित ठिकाना तलाशने के लिए कहा गया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने चेतावनी दी है कि आने वाले हफ्ते मुश्किल भरे होंगे। उन्होंने अग्निशमन कर्मियों से कहा, "हमें डटे रहना होगा। हम मिलकर यह लड़ाई जीतेंगे। पूरा देश आपके साथ है।"

images

स्पेन में आग बुझाने के काम में तुर्किये, इटली और ग्रीस के विमानों के साथ-साथ पुर्तगाल की टीम भी शामिल हो रही है। पेरिस के अनुरोध पर स्विट्जरलैंड, फ्रांस की मदद के लिए दो सुपर प्यूमा हेलीकाप्टर व उनके क्रू भेज रहा है। फ्रांस में यह आग पेरिस से चार गुना बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले चुकी है।

जबकि मैड्रिड के पश्चिम में अविला के पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में लगी आग स्पेन के इतिहास की सबसे बड़ी आग बन गई है। इसके चपेट में आया क्षेत्र बार्सिलोना के आकार से पांच गुना बड़ा है।

(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- फ्रांस में जंगल की आग के कारण 2 लाख से अधिक लोग प्रभावित, प्रशासन बोला- 'काबू पाने में लगेगा लंबा समय'

यह भी पढ़ें- 114 राफेल जेट डील को लेकर अगस्त में लेटर ऑफ रिक्वेस्ट का जवाब दे सकता है फ्रांस 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।