विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्लाईदुबई हमले में सामने आया टेरर कनेक्शन, को-पायलट के लिंक्डइन पर शेयर हुआ था आतंकी पोस्ट

Published: Sat, 03 Oct 2026 01:58 PM (IST)

फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट हमम अल-हम्मामी के लिंक्डइन प्रोफाइल पर आतंकवादियों से संबंधित पोस्ट्स मिलने से मामला और गंभीर हो गया है।

ओमानी को-पायलट के लिंक्डइन से शेयर हुआ आतंकी पोस्ट

ओमानी को-पायलट के लिंक्डइन से शेयर हुआ आतंकी पोस्ट

HighLights

  1. फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट हमम अल-हम्मामी की जांच चल रही है।

  2. लिंक्डइन प्रोफाइल पर आतंकी संगठनों से जुड़ी पोस्ट्स मिलीं।

  3. अल-कायदा नेता और आत्मघाती हमलावर की तस्वीरें भी पोस्ट की गईं।

डिजिटल डेस्क, मस्कट। दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुई घटना के बाद ओमानी को-पायलट हमम अल-हम्मामी के खिलाफ जांच जारी है। इस आरोपी पायलट की असल जिंदगी से लेकर सोशल मीडिया लाइफ तक जांच के दायरे में है।

ओमानी पायलट के संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुई घटना के करीब नौ घंटे बाद उसके लिंक्डइन प्रोफाइल पर आतंकवादियों से जुड़ी दो पोस्ट शेयर की गई थीं। हमम अल-हम्मामी के इस प्रोफाइल को अब डिलीट कर दिया गया है।

वीडियो में अल-कायदा का आतंकवादी

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, लिंक्डइन पर 'हमम अल-हम्मामी' नाम के प्रोफाइल से बोइंग 737 मैक्स विमान के कॉकपिट के कई क्लिप पोस्ट किए गए थे।

वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने इजराइली एयरलाइन 'एल अल' (El Al) के एक विमान को जूम करके दिखाया था। वीडियो का अंत अयमान अल-जवाहिरी की तस्वीर के साथ हुआ, जो ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद अल-कायदा का नेता बना था।

अयमान अल-जवाहिरी के अलावा हुमाम खलील अबू-मुलाल अल-बलावी की तस्वीर भी दिखाई गई, जिसने 2009 में अमेरिका में आत्मघाती बम धमाके में नौ लोगों की जान ली थी।

एक अन्य पोस्ट में कथित तौर पर AI से बनाई गई एक तस्वीर दिखाई गई थी, जिसमें इस्लाम के तीन सबसे पवित्र स्थलों मक्का, मदीना और यरुशलम को दिखाया गया था। इसके बैकग्राउंड में एक कविता थी जिसमें अपमान को अस्वीकार करने, मौत से न डरने और अपनी गरिमा की रक्षा करने की बात कही गई थी।

हालांकि, इस अकाउंट की असलियत की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। यह भी साफ नहीं है कि अल-हम्मामी के अकाउंट से किसी और व्यक्ति ने ये पोस्ट किए थे या ये पोस्ट पहले से शेड्यूल किए गए थे।

प्लेन क्रैश कराने की साजिश

ओमानी को-पायलट ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट को क्रैश कराने की कोशिश की थी। वहीं भारतीय पायलट स्मित मच्छर ने जब ओमानी पायलट को रोकने की कोशिश की तो उसने कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

हमम अल-हम्मामी के हमले के बाद कैप्टन स्मित मच्छर बुरी तरह घायल हो गए, लेकिन इसके बावजूद वे ओमानी पायलट के खतरनाक मंसूबों को रोकने में कामयाब रहे।

ओमानी को-पायलट हमम अल-हम्मामी के पकड़े जाने के बाद इजरायल की जांच एजेंसियां हर एंगल की छानबीन कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- 'महिलाएं बुर्का पहनें, शादी के बाद नौकरी न करें', फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट की सोशल मीडिया पोस्ट आई सामने