विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाकू लगने के बाद भी कैप्टन स्मित ने सूझबूझ से खोला कॉकपिट का दरवाजा, बचाई 174 यात्रियों की जान

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:13 PM (IST)

भारतीय पायलट स्मित मछार ने दुबई से तेलअवीव जा रही फ्लाइट को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाया, जब घायल होने के बावजूद उन्होंने सूझबूझ से कॉकपिट का दरवाजा खोला।

घायल भारतीय पायलट स्मित मछार ने बचाई दुबई-तेलअवीव फ्लाइट।

घायल भारतीय पायलट स्मित मछार ने बचाई दुबई-तेलअवीव फ्लाइट।

HighLights

  1. घायल भारतीय पायलट स्मित मछार ने बचाई दुबई-तेलअवीव फ्लाइट।

  2. इजरायली पीएम नेतन्याहू, अमेरिकी ट्रंप और पीएम मोदी ने सराहा।

  3. सह-पायलट के हमले से सैकड़ों यात्रियों की जान बची।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बुधवार को दुबई से तेलअवीव जा रहे एक फ्लाइट को क्रैश होने से बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर की इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने तारीफ की। प्रधानमंत्री ने मच्छर को एक बड़ी घटना को टालने का भी श्रेय दिया है।

नेतन्याहू ने मच्छर की तारीफ की

पीएम नेतन्याहू के प्रवक्ता डोरोन स्पीलमैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मच्छर घायल हालत में जमीन पर पड़े थे। उन्होंने अपनी बची खुची ताकत से कॉकपिट का दरवाजा खोला।

जिसके बाद मच्छर को घायल हालत में देखकर प्लेन में मौजूद दूसरे यात्री और क्रू मेंबर ने को-पायलट पर काबू पाया और प्लेन में मौजूद दो पायलटों ने प्लेन को सऊदी अरब के तबुक में सफलतापूर्वक उतारा।

नेतन्याहू ने कहा 'मच्छर और जिन लोगों ने हमलावर को काबू करने के लिए कॉकपिट में धावा बोला वो 9/11 जैसी तबाही को रोकने में कामयाब रहे।'

प्रधानमंत्री ने आगे कहा 'इस घटना में जो हमले हुए वो काफी दुखद हैं, लेकिन अच्छी बात यह है कि इस बार अच्छे लोगों की जीत हुई है।'

नेतन्याहू ने ट्रंप को बताई भारतीय पायलट मच्छर की बहादुरी

नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से इस पूरे मामले पर बात की और उनको स्मित मच्छर की बहादुरी का पूरा किस्सा बताया।

उन्होंने ट्रंप से फोन कॉल पर हुई बात के बारे में बताते हुए कहा, 'मैंने ट्रंप को बहादुरी के उस अद्भुत काम के बारे में बताया जिसने एक बड़ी तबाही को रोक दिया।

यह न केवल इजराइल के लिए एक बड़ी आपदा होती, बल्कि ग्लोबल एविएशन पर भी इसका बहुत बड़ा असर पड़ता।'

ट्रंप ने भारतीय पायलट की सराहना की

नेतन्याहू से मिली जानकारी के बाद ट्रंप ने कहा, 'को-पायलट शायद कोई आतंकवादी या सिरफिर था।' ट्रंप ने कहा कि नेतन्याहू और अन्य लोगों ने मुझे घटना के बारे में जानकारी दी और बताया कि कैसे एक भारतीय पायलट ने इस पूरी घटना में बहादुरी दिखाई और एक बड़ी घटना को होने से टाल दिया।

पीएम मोदी ने भारतीय पायलट मच्छर की सराहना की

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मच्छर के साहस की सराहना करते हुए कहा, 'मच्छर ने गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त साहस और अटूट संकल्प दिखाया है, उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली है।' पीएम मोदी ने X पोस्ट में मच्छर की तारीफ करते हुए उन्हें इस घटना में हीरो बताया।

घटना के बाद मच्छर की सर्जरी हुई

भारतीय अखबार हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार मच्छर मुंबई के रहने वाले हैं और इस घटना के बाद उनकी सर्जरी हुई है। सऊदी अरब में भारतीय अधिकारियों ने बताया कि मच्छर का इलाज तबुक के एक अस्पताल में चल रहा है और वे हर संभव मदद के लिए उनके परिवार और सऊदी अधिकारियों के संपर्क में हैं। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने X पर एक पोस्ट में बताया कि उनकी हालत स्थिर है।

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छर?

भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर पिछले चार साल से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहे थे, जो अमीराती सरकार की एक कम लागत वाली एयरलाइन है। इससे पहले उन्होंने 10 साल तक स्पाइसजेट के लिए काम किया था।

कैप्टन मच्छर के पास बोइंग 737 फ्लीट पर कमर्शियल उड़ान का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है। कैप्टन मच्छर ने लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर भी काम किया है और उनके नाम 9750 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है।

कैप्टन मच्छर 2011 में स्पाइसजेट से जुड़े थे और इस किफायती एयरलाइन में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन और सीनियर कमांडर समेत कई भूमिकाओं में काम किया था। जून 2022 में उन्होंने स्पाइसजेट छोड़ दिया और डायरेक्ट एंट्री कैप्टन के तौर पर फ्लाईदुबई से जुड़ गए।

नेतन्याहू ने सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटना बताई

नेतन्याहू ने इस घटना को सुरक्षा से जुड़ी बहुत गंभीर घटना बताया और कहा कि सऊदी अधिकारी फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के को-पायलट से पूछताछ करेंगे।

एक इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा,'हमलावर पायलट की सऊदी अरब में जांच हो रही है। मुझे लगता है कि उसे अमीरात या जहां से उसने उड़ान भरी थी वहां ले जा जाएगा। हमारी इस जांच पर पूरी नजर रहेगी।'

नेतन्याहू ने कहा 'को-पायलट के बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं चला है, लेकिन जाहिर है कि वह इजराइलियों से नफरत करता था।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'यह कट्टरपंथ और नफरत का ऐसा स्तर है जिसे मापा नहीं जा सकता।'

ओमान नागरिक के तौर पर हुई हमलावर की पहचान

को-पायलट की पहचान पहले एक इजराइली अधिकारी ने ओमान के नागरिक के तौर पर की थी, जिसके इजराइल के साथ कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं।

हालांकि चैनल 12 न्यूज़ ने बताया कि वह फ्लाईदुबई के उन दर्जनों ओमानी पायलटों में से एक था जिन्होंने हाल के वर्षों में इजराइल के लिए उड़ान भरी है।

घटना ने कॉकपिट की सुरक्षा की ओर खींचा ध्यान

इस घटना ने कॉकपिट की सुरक्षा और फ्लाइट क्रू सदस्यों की पहुँच पर फिर से ध्यान खींचा है। 9/11 से पहले, फ्लाइट डेक के दरवाजे अक्सर टॉयलेट के दरवाजों जितने ही कमजोर होते थे।

हमलों के बाद, कॉकपिट के दरवाजों को मजबूत बनाया गया ताकि फ्लाइट डेक के बाहर से अंदर घुसने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए एक बड़ी रुकावट पैदा की जा सके।

अमेरिका में नए विमानों के लिए यह जरूरी है कि जब फ्लाइट डेक का दरवाजा खोला जाए, तो कॉकपिट की सुरक्षा के लिए एक दूसरा फिजिकल बैरियर भी हो।

अगर फ्लाइट क्रू का कोई सदस्य कोई आपराधिक काम करना चाहता है, तो हो सकता है कि उसके पास पहले से ही जरूरी एक्सेस हो।

हालांकि सुरक्षा की आखिरी परत आखिरकार उन लोगों पर भरोसे पर टिकी होती है जो विमान उड़ाने के लिए जिम्मेदार होते हैं।

आतंकी हमले के तौर पर की जा रही है जांच

इस घटना की जांच संभावित आतंकवादी हमले की कोशिश के तौर पर की जा रही है। कथित हमलावर, जो ओमान का नागरिक है, को सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका मकसद अभी साफ नहीं है।

रिपोर्ट्स में एक साथी पायलट का जिक्र है जिसने उस व्यक्ति के व्यवहार को असामान्य रूप से सख्त धार्मिक व्यवहार बताया।

 

यह भी पढ़ें- कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छर? फ्लाईदुबई फ्लाइट का 'हीरो' निकला भारतीय पायलट, 180 यात्रियों की बचाई जान