यूरोपीय यूनियन के सम्मेलन में तीसरे दिन भी बजट समझौते पर नहीं बन पाई सहमति
यूरोपीय यूनियन के 27 नेताओं की दो दिन और एक रात तक चली बातचीत इस मुद्दे पर आकर अटकी हुई है कि इतनी बड़ी धनराशि को कैसे खर्च किया जाए।
ब्रसेल्स, एपी। यूरोपीय यूनियन (ईयू) के शिखर सम्मेलन में तीसरे दिन भी 2,100 अरब डॉलर (लगभग 150 लाख करोड़ रुपये)के अभूतपूर्व ईयू बजट और कोरोना वायरस राहत कोष संबंधी एक समझौते पर अंतिम सहमति नहीं बन पाई। इस कारण शिखर सम्मेलन की अवधि एक और दिन के लिए बढ़ा दी गई।
इस समझौते पर सहमति बनना अब भी मुश्किल लग रहा है, लेकिन कई प्रमुख देशों के नेताओं का कहना कि बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। यूरोपीय यूनियन के 27 नेताओं की दो दिन और एक रात तक चली बातचीत इस मुद्दे पर आकर अटकी हुई है कि इतनी बड़ी धनराशि को कैसे खर्च किया जाए। ऑस्ट्रेलियाई चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने कहा कि बातचीत सही दिशा में चल रही है। यह निश्चित तौर पर मुश्किल वार्ता है, लेकिन हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और यह सबसे महत्वपूर्ण बात है।
बता दें कि यूरोपीय यूनियन ने 750 अरब यूरो (करीब 64 लाख करोड़ रुपये) के कोष का प्रस्ताव रखा है जो सबसे अधिक जरूरतमंद देशों को कर्ज और अनुदान के रूप में दिया जाएगा। संकट की गंभीरता के बावजूद कुछ अमीर देशों के बीच गतिरोध है। नीदरलैंड चाहता है कि खर्च पर कड़ा नियंत्रण रखा जाए, वहीं इस महामारी से बुरी तरह प्रभावित स्पेन और इटली ज्यादा से ज्यादा मदद मिलने की उम्मीद रख रहे हैं।