यूरोप को दहलाने के लिए पिछले माह मिली थीं आठ हजार फर्जी धमकियां, ज्यादातर स्कूल रहे निशाने पर
कई देश इस समय बम से उड़ाने की फर्जी धमकियों से जूझ रहे हैं। हालांकि स्कूलों और एयरपोर्ट को बम ...और पढ़ें

यूरोप को दहलाने के लिए पिछले माह मिली थीं आठ हजार फर्जी धमकियां (फोटो- रॉयटर)
HighLights
ब्रिटेन, आयरलैंड और इटली के स्कूल ज्यादा रहे निशाने पर
यूरोपीय अधिकारी विदेशी दखल के नजरिये से कर रहे जांच
रॉयटर, बेलफास्ट। यूरोप के कई देश इस समय बम से उड़ाने की फर्जी धमकियों से जूझ रहे हैं। हालांकि स्कूलों और एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल जांच में फर्जी पाए गए हैं।
पिछले महीने आठ हजार से ज्यादा इस तरह की धमकी मिलने के मामले सामने आए हैं। इस महीने भी कई मामले सामने आ चुके हैं। यूरोपीय अधिकारी विदेशी दखल के नजरिये से भी जांच कर रहे हैं।
बेलफास्ट के सेंट जान द बैपटिस्ट प्राइमरी स्कूल के प्रधानाचार्य क्रिस डोनेली को 19 अक्टूबर को एक ईमेल मिला। इसमें कहा गया था कि इमारत में बम रखा गया है।
उन्होंने बताया कि ईमेल की भाषा अस्पष्ट थी और कई अन्य स्कूलों को भी भेजा गया था। यह किसी गंभीर धमकी जैसा नहीं लग रहा था। फिर भी छात्रों को अंदर ही रखा गया और हर कमरे की तलाशी ली गई।
उत्तरी आयरलैंड की पुलिस ने बताया कि करीब 300 स्कूलों को यही संदेश मिला था और इसे फर्जी धमकी मानकर जांच की गई।
रायटर के डाटा के अनुसार, सेंट जान द बैपटिस्ट की घटना उन आठ हजार से ज्यादा फर्जी बम धमकियों में से एक थी, जो पिछले महीने यूरोप के संस्थानों और कारोबारों को भेजी गई थीं। यह डाटा यूरोपीय अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों के आधार पर तैयार किया गया है।
इन धमकियों में ज्यादातर ब्रिटेन, आयरलैंड और इटली के स्कूल निशाने पर थे। कई मीडिया संस्थान, विमानन कंपनियां, एयरपोर्ट और अन्य भी इसकी चपेट में आए।
इन धमकियों के कारण दर्जनों उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा या उन्हें रद करना पड़ा, टेलीविजन प्रसारण बाधित हुए और हजारों छात्रों को स्कूलों से घर भेजा गया।