मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति होस्नी मुबारक का 90 वर्ष की आयु में निधन, 30 साल तक किया था शासन
देश के सरकारी टीवी ने जानकारी देते हुए बताया कि मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति होस्नी मुबारक का 91 वर्ष की आयु में निधन हुआ है।
काहिरा, रायटर। मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति होस्नी मुबारक का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। देश के सरकारी टीवी ने यह जानकारी दी है। होस्नी मुबारक को लगभग तीन दशकों तक शासन करने वाले देश में 18 दिनों तक चलते विरोध प्रदर्शनों के बाद 11 फरवरी, 2011 को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
मुबारक ने 2011 में अपने शासन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के बाद निकाले जाने तक मिस्र पर 30 साल तक शासन किया था। वह विद्रोह के बाद सालों तक जेल में रहे लेकिन 2017 में अधिकांश आरोपों से बरी होने के बाद उन्हें मुक्त कर दिया गया था।
होस्नी मुबारक के शासन में आपातकाल जैसी रहीं स्थितियां
होस्नी मुबारक करीब 30 सालों तक मिस्र की सत्ता में रहे और इस प्रकार उन्होंने अरब जगत के सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले देश का नेतृत्व किया था। 1981 में अनवर सादात की हत्या के बाद उप-राष्ट्रपति के पद पर मौजूद बहुत ही कम जाने पहचाने नाम होस्नी मुबारक को राष्ट्रपति का पद सौंपा गया था और उन्होंने तीस सालों तक देश की कमान संभाली थी। उनके 30 साल के शासन काल में आपातकाल सी स्थितियां रहीं क्योंकि कहीं भी पांच से ज्यादा व्यक्तियों के इकठ्ठा होने पर पाबंदी थी।
मुबारक के राष्ट्रपति पद छोड़ने पर मिस्र में मनाया गया था जश्न
होस्नी मुबारक के राष्ट्रपति रहते मिस्र के लोगों ने विरोध किया था। उनकी सरकार के खिलाफ 2011 में 18 दिनों तक लगातार प्रदर्शन हुए थे। इस दौरान 239 प्रदर्शनकारियों की हत्या हुई थी। लगातार विरोध के बाद सेना ने उन्हें पद से बेदखल कर दिया। इसके बाद तत्कालीन उप-राष्ट्रपति ओमर सुलेमान ने मुबारक के पद छोड़ने की औपचारिक घोषणा की थी। यह जानकारी सामने आने के बाद लोगों ने पूरे मिस्र में जश्न मनाया।