मासिक धर्म से पीड़ित थी महिला, इस कुरीति की वजह से चली गई जान
नेपाल में मासिक धर्म से जुड़ी कुरीति के चलते पार्वती बोगाती (21) नाम की महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी।
काठमांडू, एजेंसी। नेपाल में मासिक धर्म से जुड़ी कुरीति के चलते पार्वती बोगाती (21) नाम की महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। एक रिपोर्ट के अनुसार, इस कुरीति के कारण नेपाल में हर साल दो औरतों की जान चली जाती है। दरअसल, यहां के कई समुदायों में मासिक धर्म से गुजर रही महिला को अशुद्ध माना जाता है। उस दौरान उन्हें घर से दूर किसी झोपड़ी में रहना पड़ता है।
झोपड़ी में सोई हुई थी महिला
इसी परंपरा के कारण 31 जनवरी को दोती जिले में बोगाती अकेले ही एक निर्जन झोपड़ी में सोई हुई थी। ठंड से बचने के लिए उसने झोपड़ी के अंदर आग जलाई थी। खिड़की ना होने के कारण झोपड़ी में धुंआ भर गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने इस परंपरा को किया है बैन
बता दें कि 2005 में सुप्रीम कोर्ट ने इस अमानवीय परंपरा को प्रतिबंधित कर दिया था। फिर 2017 में इसे आपराधिक घोषित कर दिया गया था। इसके बावजूद देश के कई हिस्सों में अब भी इसका पालन हो रहा है। गत जनवरी में इस कारण 35 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई थी। 2018 में भी इस कुरीति के चलते 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी।