राफेल पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दासौ ने किया स्वागत
फ्रांस की दासौ एविएशन ने राफेल सौदे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। दासौ एविएशन राफेल लड़ाकू विमान का निर्माण करती है।
सेंट क्लाउंट (फ्रांस), आइएएनएस। फ्रांस की दासौ एविएशन ने राफेल सौदे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। दासौ एविएशन राफेल लड़ाकू विमान का निर्माण करती है।
कंपनी ने एक बयान में कहा है कि उसने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर गौर किया है। अदालत ने सौदे की प्रक्रिया, कीमत और भारतीय पार्टनर चुनने में किसी तरह की अनियमितता के आरोपों को खारिज कर दिया है। कंपनी ने कहा कि भारत के साथ उसके पुराने संबंधों की शुरुआत दशकों पहले 1953 में हुई थी, जब भारतीय वायु सेना में तूफानी विमान को शामिल किया गया था।
कंपनी ने कहा है कि वह भारत के साथ अपने लगभग 65 साल पुराने संबंधों को लेकर पूरी तरह समर्पित है। अदालत के फैसले के बाद अब कंपनी भारत में राफेल विमानों के निर्माण में अपनी पूरी ताकत झोंक देगी।
दासौ रिलायंस संयुक्त उद्यम के नागपुर प्लांट में राफेल विमान का तेजी से निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सप्लाई चेन बनाई गई है। 30 कंपनियों को शामिल किया गया है और 60 कंपनियों से अभी बातचीत चल रही है।