क्रैश विमान के पायलट ने उड़ान भरने के तुरंत बाद लौटने को कहा था, खतरे को हो गया था अंदेशा
दस मार्च को दुर्घटनाग्रस्त हुए इथोपिया एयरलाइंस के विमान के पायलट ने उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही वापस लौटने की अनुमति मांगी थी।
द न्यूयॉर्क टाइम्स, अदीस अबाबा। दस मार्च को दुर्घटनाग्रस्त हुए इथोपिया एयरलाइंस के विमान के पायलट ने उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही वापस लौटने की अनुमति मांगी थी। एयर ट्रैफिक कम्युनिकेशन की समीक्षा करने वाले अधिकारी ने कहा कि उड़ान भरने के तीन मिनट बाद ही विमान की गति सामान्य से बहुत अधिक हो गई थी।
इससे घबराए पायलट ने तुरंत ही एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से वापस लौटने की अनुमति मांगी। उसे अनुमति मिल भी गई लेकिन कुछ मिनट में ही केन्या की राजधानी नैरोबी जा रहे बोइंग 737 मैक्स 8 विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। उस हादसे में 33 देशों के 157 नागरिकों की जान चली गई।
दरअसल, उस वक्त दो अन्य विमान भी अदीस अबाबा एयरपोर्ट की तरफ आ रहे थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर उन विमानों को अपना रूट बदलने को कह ही रहे थे तभी मैक्स 8 के पायलट ने घबराई आवाज में कहा, 'मैं वापस लौटने की अनुमति चाहता हूं।' एयर ट्रैफिक कम्युनिकेशन के समीक्षक का कहना है कि उस वक्त विमान बहुत अधिक स्पीड में सौ फीट की ऊंचाई पर बार-बार ऊपर नीचे हो रहा था। इसके चलते पायलट का मैसेज आने से पहले ही कंट्रोलर समझ गए थे कि इमरजेंसी है।
बीते साल अक्टूबर में इंडोनेशिया में लॉयन एयर का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान भी उड़ान भरने के तुरंत बाद इसी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उसके पायलट ने भी तुरंत विमान वापस लौटाने की अनुमति मांगी थी।
पेरिस में हो रही जांच
दुर्घटनाग्रस्त हुए इथोपिया एयरलाइंस के दो ब्लैक बॉक्स गुरुवार को पेरिस लाए गए। ब्लैक बॉक्स में पायलट व कंट्रोलर की बातचीत के अलावा वह सभी जानकारी होती है जिससे विमान के क्रैश होने के कारण का पता चलता है। इथोपिया से जांचकर्ताओं का एक समूह भी फ्रांस पहुंचा है। वह फ्रांस के अधिकारियों के साथ हादसे के कारणों की जांच करेगा।
बोइंग ने सभी मैक्स 8 विमानों को उड़ान से हटाया
विमान में तकनीकी खराबी के चलते दुनियाभर के देशों की आलोचना झेल रहे बोइंग ने अपने सभी 737 मैक्स 8 विमानों को उड़ान से हटा लिया है। माना जा रहा कि इस कारण बोइंग को सात अरब डॉलर (करीब 48 हजार करोड़ रुपये) का घाटा हो सकता है। इससे पहले 2013 में बोइंग ने अपने 737 ड्रीमलाइनर को उड़ान से हटा लिया था।
10 दिनों में रोकथाम प्रणाली स्थापित कर 737 मैक्स को अपग्रेड करेगा बोइंग
न्यूयार्क: बोइंग कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि वह 737 मैक्स जेट लाइनर विमान के लिए अपने साफ्टवेयर को अपग्रेड करेगी। यह काम आने वाले 10 दिनों में किया जाएगा। कंपनी ने कहा है कि अपग्रेड तैनात करने की उसकी समयसीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।