Coronavirus World Updates: कोरोना महामारी के बावजूद यूरोप में स्कूल खोलने की तैयारी, कई देश कर रहे अतिरिक्त शिक्षकों की भर्ती
Coronavirus World Updates ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने नैतिक कर्तव्य का हवाला देकर स्कूलों को खोले जाने की अपील की है।
पेरिस, एजेंसियां। कोरोना महामारी के दूसरे दौर के बढ़ते खतरे के बीच यूरोप के स्कूलों में बच्चों की वापसी कराने की तैयारी चल रही है। फ्रांस, ब्रिटेन और स्पेन समेत कई यूरोपीय देशों में नए मामलों में उछाल दर्ज किया जा रहा है। इसके बावजूद इन देशों में अतिरिक्त शिक्षकों की भर्ती समेत स्कूलों में तमाम तैयारियां चल रही हैं। साथ ही मास्क पहनने के नियम भी सख्त किए जा रहे हैं।
फ्रांस, ब्रिटेन और स्पेन कर रहे हैं अतिरिक्त शिक्षकों की भर्ती
फ्रांस के प्रधानमंत्री ने बुधवार को यह वादा किया कि उनकी सरकार स्कूल और काम पर लोगों की वापसी कराने के लिए सब कुछ करेगी। हालांकि फ्रांस में मंगलवार से स्कूलों को खोलने की योजना से अभिभावक और शिक्षक दोनों चिंतित हैं। क्योंकि इस देश में गत दो माह के दौरान नए मामले पांच गुना बढ़ गए हैं। जबकि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने नैतिक कर्तव्य का हवाला देकर स्कूलों को खोले जाने की अपील की है। उनकी सरकार ने यह चेतावनी भी दी है कि बच्चों को घर पर ही रखने पर अभिभावकों पर जुर्माना लग सकता है।
इधर, इटली के स्वास्थ्य मंत्री यह साफ कर चुके हैं कि पूरी सुरक्षा के साथ स्कूलों को सितंबर से खोलने का लक्ष्य है। यूरोप में कोरोना महामारी से इटली, ब्रिटेन, स्पेन, फ्रांस और जर्मनी सबसे ज्यादा प्रभावित रहे हैं। इन देशों में गिरावट के बाद अब फिर नए मामलों में वृद्धि दर्ज की जा रही है।
ब्राजील में मिले 47 हजार नए मामले
कोरोना महामारी से जूझ रहे ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में बीते 24 घंटे के दौरान 47 हजार 161 नए मामले पाए गए। इसे लेकर संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा 37 लाख 17 हजार से अधिक हो गया है। इस दौरान 1,085 पीडि़तों की मौत से मरने वालों की संख्या एक लाख 17 हजार 665 हो गई है। दुनिया में अमेरिका के बाद ब्राजील में सबसे ज्यादा संक्रमित हैं। अमेरिका में अब तक करीब 60 लाख मामले मिले और एक लाख 83 हजार की जान गई है।
मेक्सिको में 62 हजार की गई जान
मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे में 626 पीड़ितों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 62 हजार 76 हो गई। जबकि 5,267 नए पॉजिटिव केस पाए जाने से पीडि़तों का आंकड़ा पांच लाख 73 हजार से अधिक हो गया है। इस देश में एक दिन पहले 4,916 नए मामले मिले थे।
कोरोना का असर
पाकिस्तान : 445 नए मामले मिलने से पीड़ितों की संख्या बढ़कर दो लाख 94 हजार 638 हो गई है। अब तक कुल छह हजार 274 की मौत हुई है।
दक्षिण कोरिया : मार्च के बाद इस देश में गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 441 नए केस मिले। संक्रमण रोकने को कई नए उपाय किए गए हैं।
न्यूजीलैंड : सरकार ने 31 अगस्त से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। नए मामले बढ़ने पर यह कदम उठाया जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया : दूसरे दौर की महामारी के खतरे का केंद्र बने विक्टोरिया प्रांत में 113 नए मामले पाए गए। एक दिन पहले 149 नए पॉजिटिव मिले थे।