Coronavirus in Sri Lanka: श्रीलंका में 51 लोग संक्रमित, दो जिलों में कर्फ्यू लगाया गया
कोरोना वायरस (COVID-19) के श्रीलंका में बुधवार को आठ नए मामलों की पुष्टि हुई। इससे देश में मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 51 हो गई है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।
कोलंबो, आइएएनएस। कोरोना वायरस (COVID-19) के श्रीलंका में बुधवार को आठ नए मामलों की पुष्टि हुई। इससे देश में मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 51 हो गई है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार मंत्रालय के अनुसार आने वाले दिनों में और मामले सामने आ सकते हैं, ऐसे में वायरस से संक्रमित सभी लोगों का कोलंबो के बाहरी इलाके में स्थित संक्रामक रोग अस्पताल (IDH) में उपचार हो रहा है, जबकि उत्तर मध्य प्रांत के वेलिकंडा में एक अन्य अस्पताल इसके लिए तैयार किया जा रहा है।
वायरस को फैलने से रोकने के लिए, श्रीलंकाई पुलिस ने बुधवार को पहले उत्तरी पश्चिमी प्रांत के पुट्टलम जिले और पश्चिमी तट में नेगोमबो में कर्फ्यू लगा दिया है। महमारी से बचाव के लिए श्रीलंका ने सोमवार को चार दिन की सार्वजनिक छुट्टी घोषित की थी, जो गुरुवार को खत्म हो रहा है।
विदेश से आने वाली सभी विमानों पर दो सप्ताह के लिए प्रतिबंध
श्रीलंका ने वायरस से निपटने के लिए बुधवार से विदेश से आने वाली सभी विमानों पर दो सप्ताह के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही उसने एलान किया है कि उसका शेयर बाजार सप्ताह के बाकी दिनों में बंद रहेगा। बुधवार को श्रीलंकाई रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 187.23 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया।
कोरोना वायरस 172 देशों में पैर पसार चुका है
बता दें कि दिसंबर में चीन के वुहान में पहला मामला सामने आने के बाद कोरोना वायरस 172 देशों में पैर पसार चुका है। इन में से 64 देशों में मौतों की पुष्टि हुई है। अभी तक 8,925 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 218,910 लोग संक्रमित हो गए हैं। चीन के बाद सबसे ज्यादा इटली में मामले सामने आए हैं। यहां 35,713 लोग संक्रमित हुए हैं और 2,978 लोगों की मौत हो गई है और 4,025 मरीज ठीक हो गए हैं।