Coronavirus in Brazil: 16 लाख से अधिक मामले, पिछले 24 घंटे में 26 हजार से ज्यादा केस सामने आए
ब्राजील में अब तक कोरोना वायरस (COVID-19) के 16 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं। पिछले 24 घंटे में 26000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं।
रियो डी जनेरियो, एएनआइ/एपी। ब्राजील में अब तक कोरोना वायरस (COVID-19) के 16 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं। पिछले 24 घंटे में 26,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। देश में कुल कोरोना के कुल 1,603,055 केस की पुष्टि हो गई है। समाचार एजेसी एएनआइ के अनुसार इसकी जानकारी देते हुए देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 26,051 नए मामले सामने आए हैं और 602 लोगों की मौत हो गई है। ब्राजील में अब तक कोरोना संक्रमण से 64,867 हो गई है।
समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार शनिवार को देश में 38,000 नए मामले सामने आए और हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार देश में 42,223 मामले सामने आए थे और 1,290 लोगों की मौत हो गई है। ब्राजील में पिछले सप्ताह लगभग 7,000 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ब्राजील में कोरोना से संक्रमित 9,06,200 से अधिक लोग ठीक हो गए हैं।
ब्राजील दुनिया में कोरोना से दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश
ब्राजील दुनिया में कोरोना से दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। अमेरिका इससे ज्यादा है। यहां कोरोना संक्रमण से एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं अब तक 28 लाख मामले आए हैं। दुनियाभर में कोरोना के एक करोड़ 13 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं और 5 लाख 30 हजार लोगों की मौत हो गई है।
मास्क को लेकर फिर विवादों में ब्राजील के राष्ट्रपति
ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो एक बार फिर फेस मास्क न लगाने के कारण विवादों में घिर गए हैं। अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को आयोजित एक समारोह में बोल्सोनारो बिना मास्क के नजर आए। इस मौके पर उनकी सरकार के चार मंत्री व कई बड़े अधिकारियों के अलावा ब्राजील में अमेरिका के राजदूत टॉड चैपमैन ने भी मास्क नहीं लगा रखा था। ये सभी एक-दूसरे के काफी करीब भी देखे गए। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार इसे लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। कोरोना महामारी की मार झेल रहे ब्राजील के राष्ट्रपति अब भी मास्क पहनने को गैरजरूरी मान रहे हैं। गत शुक्रवार को चर्च, स्कूल, फैक्ट्री और दुकान जैसे सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनना अनिवार्य बनाने वाले कानून को बोल्सोनारो ने खारिज कर दिया था। कोरोना संक्रमण फैलने के बावजूद वह पहले से ही बिना मास्क के सार्वजनिक स्थलों पर देखे जाते रहे हैं। कोरोना से ब्राजील में 15 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 64 हजार से अधिक मरीजों की जान जा चुकी है।