तकनीकी खामी से नहीं हुआ राहुल के भाषण का लाइव प्रसारण
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आतंकी संगठन आइएस वाले विवादास्पद बयान के बाद अप्रवासी भारतीयों के सम्मेलन में राहुल के संबोधन का सजीव (लाइव) प्रसारण नहीं हो सका।
बर्लिन (प्रेट्र)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आतंकी संगठन आइएस वाले विवादास्पद बयान के बाद अप्रवासी भारतीयों के सम्मेलन में राहुल के संबोधन का सजीव (लाइव) प्रसारण नहीं हो सका। कांग्रेस का कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ है।
बर्लिन में गुरुवार की देर रात राहुल गांधी के भाषण का लाइव प्रसारण होना था। यू-ट्यूब लिंक के जरिए यह प्रसारण भारतीय समय के अनुसार रात 9.30 बजे से लेकर 10.30 बजे तक होने वाला था। बताया जाता है कि उनका भाषण तो हुआ लेकिन उसका लाइव प्रसारण नहीं हुआ। इससे पहले बुधवार को उन्होंने जर्मनी के हैमबर्ग शहर के बूसीरस समर स्कूल में लोगों को संबोधित किया था।
जर्मन सांसदों से मिले राहुल गांधी
कांग्रेस पार्टी ने बताया कि राहुल गांधी जर्मनी की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को जर्मन सांसद गेरॉल्ड आटन, जोहानेस श्राप्स, ओमिड नारिपोर और रेने स्प्रिंगर से मिले। उन्होंने इन सांसदों से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय राजनीति और रोजगार व व्यापार पर वार्ता की। इन सांसदों ने राहुल को जर्मन की संसद के अलावा द्वितीय विश्व युद्ध पर ग्राफिटी वॉल और आरकाइव्स ऑफ एमपीज भी दिखाया।
इससे पहले, राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके बताया था कि वह बर्लिन में जर्मन बंडेस्टैग (संसद) के सदस्यों, एनजीओ और कारोबारियों से मिलेंगे। राहुल गांधी शुक्रवार को लंदन रवाना होंगे और वहां के सांसदों और प्रवासी भारतीयों से संक्षिप्त मुलाकात करेंगे।