बांग्लादेश के गरीब इलाकों में लाइवस्ट्रीमिंग कर रहे चीनी व्लॉगर्स, ढाका की झुग्गियों को 'नई दिल्ली' बताकर फैला रहे हैं झूठ
चीनी नागरिक ढाका के गरीब इलाकों से लाइवस्ट्रीमिंग कर उन्हें 'नई दिल्ली' बताकर चीनी सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैला रहे हैं।

ढाका में चीनी व्लॉगर्स का झूठ
HighLights
चीनी व्लॉगर्स ढाका के गरीब इलाकों से लाइवस्ट्रीमिंग कर रहे।
वे इन इलाकों को 'नई दिल्ली' बताकर गलत जानकारी फैलाते।
यह स्थानीय निवासियों की निजता का गंभीर उल्लंघन है।
डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पिछले कुछ महीनों से चीनी नागरिक गरीब और तंग इलाकों में घूम-घूमकर लाइवस्ट्रीमिंग कर रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि वे इन वीडियो फुटेज को भारत की राजधानी नई दिल्ली बताकर चीनी सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह नागरिक गरीब और तंग इलाकों की लाइवस्ट्रीमिंग कर इलाकों को नई दिल्ली बता रहे हैं। यह सब एक सुनियोजित गलत जानकारी फैलाने वाले अभियान का हिस्सा प्रतीत होता है, जो स्थानीय निवासियों की निजता पर भी बड़ा हमला बन गया है।
बांग्लादेशी अखबार की जांच में हुआ खुलासा
बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम एलो की एक जांच में यह बात सामने आई है कि कम से कम 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों की गलियों में सक्रिय है। ये व्लॉगर हमेशा दो-दो मोबाइल फोन रखते हैं। एक का इस्तेमाल लाइवस्ट्रीमिंग के लिए किया जाता है, जबकि दूसरे का उपयोग जानकारी पढ़ने और दर्शकों के कमेंट्स देखने के लिए किया जाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, जब चीनी भाषा के इन लाइवस्ट्रीम को गूगल ट्रांसलेट और स्थानीय भाषा विशेषज्ञों की मदद से डिकोड किया गया, तो बेहद अपमानजनक बातें सामने आईं। उदाहरण के लिए, 1 नवंबर को मियामियाम नाम की एक चीनी महिला ने उत्तरा के सेक्टर 12 से लाइव करते हुए दर्शकों से कहा, "यह नई दिल्ली है। इनके घर गंदे हैं और टिन की छत वाले इन घरों के अंदर पंखा तक नहीं है।
उसने स्थानीय लोगों की जीवनशैली और कानून-व्यवस्था पर भी भद्दे कमेंट किए। इसी तरह, वांग वेई नाम की एक अन्य चीनी महिला ने सड़क किनारे चाय पी रहे लोगों का वीडियो बनाते हुए दावा किया कि यह गोमूत्र वाली चाय है और इसे गंदे नदी के पानी से बनाया गया है।
लोकल गाइड की मदद
इन गतिविधियों को अंजाम देने के लिए ये चीनी नागरिक स्थानीय लोगों को गाइड के तौर पर हायर कर रहे हैं। रितु अख्तर नाम की एक स्थानीय महिला ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से इनके लिए गाइड का काम कर रही है और इसके बदले रोजाना 700 से 800 टका कमाती है।
उसके मुताबिक, कई अन्य बांग्लादेशी महिलाएं भी इस काम में लगी हुई हैं। चीनी नागरिक वीचैट और डॉउयिन (टिकटॉक का चीनी संस्करण) जैसे प्लेटफॉर्म पर इन वीडियो और लाइवस्ट्रीम के जरिए पैसे कमाते हैं। यही वजह है कि वे जानबूझकर कम आय वाले और गरीब इलाकों को चुनते हैं।
स्थानीय लोगों की निजता में दखल
यह मामला सिर्फ गलत जानकारी फैलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों की प्राइवेसी में गंभीर दखल बन चुका है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये व्लॉगर बिना किसी अनुमति के सीधे उनके घरों में घुस जाते हैं।
रोजिना खातून और पापिया बेगम जैसी स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कई बार ये लोग अचानक घरों और यहां तक कि बाथरूम तक में घुसकर वीडियो रिकॉर्ड करने लगते हैं। विरोध करने पर ये केवल मुस्कुराते हैं, सॉरी कहते हैं और निकल जाते हैं, जिससे पूरे दिन एक असहज माहौल बना रहता है।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
इस पूरी घटना ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने माना है कि उन्होंने इन चीनी नागरिकों को लाइवस्ट्रीम करते देखा है, लेकिन पुलिस के पास इस बात का कोई पुख्ता जवाब नहीं है कि इन वीडियो का असली मकसद क्या है और इन्हें चीनी दर्शकों के बीच किस रूप में दिखाया जा रहा है।
भाषा की बाधा और अधिकारियों से बात करने में इन नागरिकों का संकोच मामले की तह तक पहुंचने में बड़ी रुकावट बन रहा है।
शुरुआत में विदेशी नागरिकों की इस हरकत को केवल एक जिज्ञासा माना जा रहा था, लेकिन अब यह उत्तरा के निवासियों के लिए एक गंभीर मानसिक परेशानी बन चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।