विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेती चौपट, बच्चे मां-बाप से दूर... चीन के लिए सिददर्द बना एआई, अब क्या करेगा ड्रैगन?

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:23 PM (IST)

चीन में एआई के तेजी से बढ़ते उपयोग के साथ कई सामाजिक चुनौतियाँ सामने आ रही हैं, जैसे एआई की ...और पढ़ें

चीन सरकार एआई के लिए नए नियम और दिशा-निर्देश लागू कर रही।

चीन सरकार एआई के लिए नए नियम और दिशा-निर्देश लागू कर रही।

HighLights

  1. एआई के उपयोग से किसानों की फसलें हुईं बर्बाद।

  2. बच्चों में चैटबॉट पर बढ़ती निर्भरता बनी चिंता का विषय।

  3. चीन सरकार एआई के लिए नए नियम और दिशा-निर्देश लागू कर रही।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। एआई की दुनिया में तेजी से कदम बढ़ा रहे चीन की सरकार जहां अपने नागरिकों को इस तकनीक के उपयोग के लिए प्रेरित कर रही है तो वहीं इस पर बढ़ती निर्भरता के कारण लोगों को समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है।

यह खबर ऐसे समय आई है, जब दुनिया भर में एआई को लेकर बहस छिड़ी हुई है। एआई को लेकर बढ़ती चिंताओं का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, जब पिछले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा था कि यह सुनिश्चित करना दोनों देशों की जिम्मेदारी है कि एआई हमेशा इंसानों के नियंत्रण में रहे। जबकि ट्रंप ने इसी हफ्ते दिग्गज एआई कंपनियों के साथ इसे नियंत्रित करने के तरीकों पर चर्चा की।

चीनी सरकारी मीडिया की खबरों में ऐसी कई घटनाओं का जिक्र किया गया है, जो किसी चेतावनी से कम नहीं हैं। इन खबरों के मुताबिक, एआई से सलाह लेने वाले एक किसान की 25 एकड़ में खेती चौपट हो गई। जबकि बच्चे इस हद तक चैटबाट से जुड़ गए हैं कि वे चाहते हैं कि उनके माता-पिता भी उसी तरह उनसे बातचीत करें।

यही नहीं एआई निर्मित नाटक के पात्र भी एक-दूसरे के कार्बन कापी जैसे दिखते हैं। ये चिंताजनक मामले ऐसे समय सामने आए हैं, जब चीन एआई के क्षेत्र में अमेरिका से बराबरी करने की होड़ में जुटा है।

इस दौड़ में उसे इस तकनीक के प्रतिकूल प्रभावों का सामना भी करना पड़ रहा है। हालांकि चीनी सरकार ऐसे उपाय भी कर रही है, जिससे लोगों के लिए एआई के इस्तेमाल को दिशा दी जा सके। वह इसके उपयोग और दुरुपयोग को लेकर नए नियम और न्यायिक दिशा-निर्देश लागू कर रही है।

संतुलन बनाने की कोशिश में चीनी सरकार

विश्लेषकों का कहना है कि यह प्रतिक्रिया दिखाती है कि चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी एआई के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने की अपनी महत्वाकांक्षा के साथ ही सामाजिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी चीज से बचने के लिए संतुलन बनाने की कोशिश भी कर रही है।

थिंक टैंक कार्नेडी एंडोमेंट फार इंटरनेशनल पीस में चाइना इनिशिएटिव के सह-निदेशक स्काट सिंगर ने कहा, 'पार्टी मान रही है कि जैसे-जैसे तकनीक का विकास होगा, वैसे-वैसे सामाजिक चुनौतियां भी बढ़ेंगी। पार्टी इन सब चीजों को लेकर संवेदनशील है।'

यह भी पढ़ें- चीन में लहराया देवभूमि का परचम, वर्ल्डस्किल्स-2026 में सानिया और पार्थ ने जीता रजत पदक