400 से अधिक अनुयायियों की मौत से जुड़ा मामला, केन्याई पंथ के नेता 191 हत्याओं के दोषी
केन्या के एक प्रलयवादी पंथ के नेता पास्टर पाउल मैकेंजी को 190 बच्चों और एक वयस्क सहित 191 लोगों की हत्या का दोषी ठहराया गया है।

केन्याई पंथ के नेता को ठहराया गया हत्याओं का दोषी। (फाइल फोटो।)
HighLights
केन्याई पंथ नेता पास्टर मैकेंजी 191 हत्याओं के दोषी।
अनुयायियों को यीशु से मिलने के लिए भूखा रहने का आदेश।
किलिफी काउंटी में 400 से अधिक शव बरामद हुए।
डिजिटल डेस्क, नैरोबी। यीशु से मिलने के लिए अनुयायियों को भूखे रहकर मरने का आदेश देने वाले केन्या के एक प्रलयवादी पंथ (डूम्सडे कल्ट) के नेता को सोमवार को 190 बच्चों और एक वयस्क की हत्या का दोषी ठहराया गया। इस पंथ से जुड़े 400 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
जस्टिस डायना कावेड्जा ने अपने फैसले में कहा कि गुड न्यूज इंटरनेशनल चर्च के नेता पास्टर पाउल मैकेंजी ने एक ऐसी संगठित व्यवस्था बनाई थी जिसमें धार्मिक शिक्षाओं के जरिये अनुयायियों को मरने तक उपवास करने के लिए मजबूर किया गया।
वर्ष 2023 में तटीय किलिफी काउंटी के 800 एकड़ (320 हेक्टेयर) में फैले चकामा रांच में उथली कब्रों से 400 से अधिक शव निकाले गए थे। मैकेंजी के अनुयायी वहां स्थानीय समुदायों और अधिकारियों की नजरों से दूर मिट्टी की झोपड़ियों में रहते थे।
मैकेंजी को उनकी पत्नी और दर्जनों अनुयायियों के साथ हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में कुछ अनुयायी इस मामले में अभियोजन के गवाह बन गए। मुकदमा 2023 में शुरू हुआ था। सजा छह नवंबर को सुनाई जानी है।
