पूर्व श्रीलंकाई राष्ट्रपति राजपक्षे से मिले सुब्रमण्यम स्वामी
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने बुधवार को श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की।
कोलंबो (प्रेट्र)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने बुधवार को श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की। वे उनसे मिलने उनके पैतृक आवास पर गए थे। जानकारी के मुताबिक, वे उन्हें नई दिल्ली में होने वाले एक कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए गए थे। उन्होंने राजपक्षे के छोटे भाई चंद्र राजपक्षे को श्रद्धांजलि भी अर्पित की, जिनका मंगलवार को निधन हो गया था।
स्वामी ने ट्वीट कर बताया कि पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से मिलने के लिए दक्षिण श्रीलंका गया। यह एक आनंददायक यात्रा थी। कोलंबो में भाजपा नेता ने मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मद नशीद से भी मुलाकात की। वे इन दिनों अपने देश से निर्वासित होकर श्रीलंका में रह रहे हैं।
इस भेंट के बारे में स्वामी ने ट्वीट कर कहा कि नशीद को अगले चुनाव में हेराफेरी किए जाने का डर सता रहा है। एक पड़ोसी होने के नाते और जिस तरह भारतीयों को वहां पर अपमानित किया गया है, उसे देखते हुए भारत इस पर चुप नहीं बैठा रह सकता है। हमें इसके लिए एक कार्ययोजना बनाने की जरूरत है।