विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेख हसीना की वतन वापसी से पहले बांग्लादेश में हिंसा का दौर तेज, कई हिस्सों में रातभर हुई हिंसा और आगजनी; एक की मौत

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:26 PM (IST)

शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक सरगर्मी और हिंसा बढ़ गई है, जिसमें फरीदपुर में एक बस ड्राइवर की मौत हो गई।

शेख हसीना की वापसी से पहले हिंसा शुरू

 शेख हसीना की वापसी से पहले हिंसा शुरू

HighLights

  1. फरीदपुर में बस में आग, धुएं से ड्राइवर की मौत।

  2. अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने कई वाहनों में आग लगाई, तोड़फोड़ की।

  3. जेल में बंद अवामी लीग नेता रंजीत घोष की संदिग्ध मौत।

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी और हिंसा का दौर शुरू हो गया है। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर माह में स्वदेश लौटने के ऐलान के बाद देश भर में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इस बढ़ती हलचल के बीच हुई हिंसक झड़पों और आगजनी की घटनाओं ने आम जनजीवन को झकझोर कर रख दिया है।

एक तरफ जहां भविष्य की राजनीतिक को लेकर कयासों का बाजार गर्म है, वहीं दूसरी तरफ हिंसा अपना खौफनाक रूप दिखा रही है। फरीदपुर जिले में उपद्रवियों द्वारा एक खड़ी बस में आग लगा दिए जाने से अंदर सो रहे एक बस ड्राइवर की धुएं से दम घुटने से मौत हो गई।

इसके अलावा, देश के विभिन्न हिस्सों में अराजक तत्वों ने कम से कम आठ वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई जगहों पर देसी बम से धमाके किए। पुलिस ने इन वारदातों के पीछे प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का अंदेशा जताया है।

शारियातपुर जिले में पद्मा ब्रिज के टोल प्लाजा पर अवामी लीग के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर तोड़फोड़ की, जिससे यातायात बाधित हुआ। वहीं, नेत्रकोना में हावोर एक्सप्रेस ट्रेन के एक डिब्बे में भी आग लगाने की घटना सामने आई, जिसे समय रहते काबू पा लिया गया।

तुंगीपाड़ा में एक पुलिस वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया। हालात यह हैं कि अवामी लीग की गतिविधियों पर पूरी तरह पाबंदी लगी हुई है, और मौजूदा बीएनपी सरकार शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर अड़ी हुई है।

अवामी लीग नेता की अस्पताल में संदिग्ध मौत

हिंसा और राजनीतिक टकराव के इस माहौल के बीच मानवीय त्रासदी की खबरें भी सामने आ रही हैं। किशोरगंज जिले में अवामी लीग के 75 वर्षीय स्थानीय नेता रंजीत कुमार घोष की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें जुलाई विद्रोह से जुड़े मामलों में अगस्त से जेल में बंद रखा गया था।

सबसे दुखद बात यह है कि अदालत द्वारा उन्हें एक दिन पहले ही जमानत दे दी गई थी, लेकिन जेल अधिकारियों को समय पर रिहाई का आदेश न मिलने के कारण वह जेल से बाहर नहीं आ सके।

जेल प्रशासन के मुताबिक, वह उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और अचानक तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना ने राजनीतिक बंदियों की स्थिति और देश के सुलगते हालात पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।