विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव और दो वरिष्ठ पुलिस अफसर गिरफ्तार, देशभर में हाई अलर्ट

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:41 PM (IST)

अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी के एलान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल और हिंसा बढ़ गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव और दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया है। 

शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव और दो वरिष्ठ पुलिस अफसर गिरफ्तार। (फोटो-रॉयटर्स)

शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव और दो वरिष्ठ पुलिस अफसर गिरफ्तार। (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में तनाव बढ़ा।

  2. पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव, दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गिरफ्तार।

  3. हिंसा रोकने देशभर में 108 प्लाटून अर्धसैनिक बल तैनात।

डिजिटल डेस्क, ढाका। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को संभावित स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश एक बार फिर भारी राजनीतिक उथल-पुथल और हिंसा की आग में झुलस रहा है।

बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुवार तड़के ढाका के धानमंडी-27 इलाके से हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव केएम सखावत मून, पूर्व उपायुक्त मोहम्मद इलियास हुसैन और आयकर वकील सूफी मोहम्मद अल मामून को गिरफ्तार कर लिया। सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की छात्र इकाई 'जातीयतावादी छात्र दल' के कार्यकर्ताओं ने इन्हें घेरकर पुलिस के हवाले किया था।

दूसरी ओर, पुलिस महकमे में भी अंदरूनी साजिश की आशंका के चलते बड़ी कार्रवाई की गई है। ढाका मेट्रोपालिटन पुलिस ने 'राष्ट्र विरोधी' गतिविधियों के आरोप में गाजीपुर से एसपी मोहम्मद अबुल कलाम आजाद और नोआखली से एडिशनल एसपी मोहम्मद रकीबुल हसन को गिरफ्तार किया है।

14 नवंबर से अब तक ऐसे चार पुलिस अधिकारी धरे जा चुके हैं। इससे पहले सितंबर में एक थाना प्रभारी को भी देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसका एक आडियो लीक हुआ था जिसमें वह हसीना की जल्द वापसी की वकालत कर रहा था।

अगस्त 2024 के छात्र विद्रोह के बाद से भारत में रह रहीं हसीना को विशेष न्यायाधिकरण अनुपस्थिति में मौत की सजा सुना चुका है। उनकी वापसी के ऐलान और प्रतिबंधित अवामी लीग द्वारा 29-30 नवंबर को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से 'लाकडाउन' के आह्वान से माहौल बेहद तनावपूर्ण है।

नवंबर की शुरुआत से जारी हिंसा में कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार थानों, ट्रेनों, बसों और बैंकों को आग के हवाले कर दिया गया है। स्थिति संभालने के लिए बीएनपी सरकार ने हसीना के गृह जिले गोपालगंज में 56 प्लाटून सहित देशभर में सीमा अर्धसैनिक बल की 108 प्लाटून तैनात की हैं।

गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने दोटूक कहा है कि जुलाई 2024 के जनसंहार की जिम्मेदार "फासीवादी और माफिया ताकत" अवामी लीग को देश में कभी राजनीति नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने सुरक्षा बलों को बिना किसी राजनीतिक झुकाव के काम करने की चेतावनी भी दी है।

सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।