सऊदी-पाकिस्तान-तुर्किये रक्षा समझौते में शामिल हो सकता है बांग्लादेश, भारत के लिए बढ़ने वाली चुनौतियां
सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के बीच हाल ही में बने रक्षा गठबंधन में शामिल होने पर विचार करने के लिए बांग्लादेश तैयार है।

सऊदी-पाकिस्तान-तुर्किये रक्षा समझौते में शामिल हो सकता है बांग्लादेश (फाइल फोटो)
HighLights
बांग्लादेश के दो मंत्रियों हुमायूं कबीर और शमा ओबेद इस्लाम ने दिए संकेत
कहा, राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा कोई भी फैसला
पीटीआई, ढाका। सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के बीच हाल ही में बने रक्षा गठबंधन में शामिल होने पर विचार करने के लिए बांग्लादेश तैयार है। सात अगस्त को मक्का में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के बीच हुए इस समझौते के अनुसार तीनों देशों में से किसी एक पर भी सशस्त्र हमला होने पर उसे तीनों पर हमला माना जाएगा।
बांग्लादेश के विदेश मामलों के नवनियुक्त राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा, बांग्लादेश, सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के किसी आर्थिक या रक्षा समझौते में शामिल होने की संभावना के प्रति सकारात्मक रुख रखता है।
ऐसा करते समय बांग्लादेश अपने हितों तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखेगा।
सरकारी बीएसएस की बांग्ला सर्विस को दिए साक्षात्कार में शुक्रवार को कबीर ने कहा कि सरकार बांग्लादेश फर्स्ट नीति और राष्ट्रीय हितों को केंद्र में रखकर संतुलित विदेश नीति अपना रही है।
बांग्लादेश राजनयिक बातचीत के जरिए पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंध मजबूत करेगा। कबीर ने कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर रियाद जाने की उम्मीद है।
विदेश मामलों की एक और राज्य मंत्री, शमा ओबेद इस्लाम ने भी शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कबीर की बातों का समर्थन करते हुए कहा कि बांग्लादेश के राष्ट्रीय हित इस समझौते में शामिल होने को लेकर ढाका का रुख तय करेंगे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या बांग्लादेश त्रिपक्षीय समझौते का हिस्सा बनेगा, तो उन्होंने कहा, हम किसी समझौते में शामिल होंगे या नहीं यह इस बात पर तय होगा कि बांग्लादेश और वहां के लोगों के हितों की रक्षा होती है या नहीं।