श्रमिकों के आगे झुकी बांग्लादेश सरकार, 40 वर्षों में सबसे कम वेतन वृद्धि से फिर हिंसा
हफ्तों के विरोध प्रदर्शनों के बाद बांग्लादेश सरकार ने गारमेंट मजदूरों का न्यूनतम वेतन 36% बढ़ाकर 17000 टका कर दिया है। हालांकि, 40 वर्षों में यह सबसे कम वृद्धि है।

श्रमिकों के आगे झुकी बांग्लादेश सरकार।
HighLights
सरकार ने गारमेंट मजदूरों का वेतन 36% बढ़ाकर 17,000 टका किया।
यह वृद्धि 40 वर्षों में सबसे कम, मजदूरों में असंतोष बढ़ा।
असंतोष के कारण ढाका में फिर हिंसा, कई फैक्ट्रियां बंद।
डिजिटल डेस्क, ढाका। हफ्तों से जारी उग्र विरोध प्रदर्शनों, राजमार्ग जाम और फैक्ट्रियों में ठप पड़े उत्पादन के दबाव में आखिरकार बांग्लादेश सरकार को गारमेंट मजदूरों के आगे झुकना ही पड़ा।
सरकार ने बुधवार को उनके न्यूनतम वेतन में 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। हालांकि, 1986 के बाद से चार दशकों में हुई इस सबसे कम वेतन वृद्धि ने मजदूरों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और उनके आक्रोश को और भड़का दिया, जिससे ढाका के बाहरी इलाके में फिर से हिंसा भड़क उठी।
छह सदस्यीय वेतन बोर्ड ने करीब 12 घंटे की मैराथन बैठक के बाद 4-2 के बहुमत से मासिक न्यूनतम वेतन 12,500 टका से बढ़ाकर 17 हजार टका (लगभग 138 डालर) तय किया है, जो एक दिसंबर से लागू होगा।
देश की निर्यात आय में 80 प्रतिशत से अधिक का योगदान देने वाले इस क्षेत्र के 40 लाख से ज्यादा मजदूर शुरुआत में 32 हजार टका और बाद में 18 हजार टका की मांग कर रहे थे। नए ढांचे में ग्रेड-4 से ग्रेड-1 तक के मजदूरों को 17 हजार से 21,500 टका तक वेतन मिलेगा।
फैसले से असंतुष्ट श्रमिकों ने बुधवार को गाजीपुर के सलना में ढाका-मैमनसिंह राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने आंसू गैस और साउंड ग्रेनेड दागे। झड़पों में 11 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए और 50 से अधिक फैक्ट्रियां बंद करनी पड़ीं। देश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की गंभीर तस्वीर यह भी है कि इस साल पुलिस पर हुए 484 से अधिक हमलों में पांच पुलिसकर्मियों की जान जा चुकी है और 370 से ज्यादा घायल हुए हैं।
श्रमिक अधिकार संगठन 'क्लीन क्लोथ्स कैंपेन' की एनी बिएनियास ने इसे बार-बार मिलने वाला "गरीबी का वेतन" करार देते हुए जीवनयापन के स्तर से काफी नीचे बताया। वहीं, गारमेंट निर्माताओं के संगठन (बीजीएमईए) के अनुसार 18 दिनों की अशांति से 317 फैक्ट्रियों को 42.8 करोड़ डालर का नुकसान हुआ और 25.4 करोड़ डालर के आर्डर दूसरे देशों में चले गए।
डेनिम एक्सपर्ट लिमिटेड के मोहिउद्दीन रुबेल ने चिंता जताई कि 138 डालर का वेतन अब भारत के बंगाल से अधिक और वियतनाम व पाकिस्तान के बराबर हो गया है, जिससे बांग्लादेश की कम लागत वाली बढ़त खत्म हो रही है। उन्होंने एचएंडएम, जारा और वालमार्ट जैसे वैश्विक ब्रांडों से बढ़ी हुई लागत साझा करने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।