बांग्लादेश में बाढ़ ने मचाई तबाही, चार लाख से ज्यादा लोग घर छोड़ने पर हुए मजबूर
बांग्लादेश में लगातार हो रही तेज बारिश से उत्तरी और उत्तर पश्चिमी बांग्लादेश के 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक बाढ़ से चार लाख लोग बेघर हो गए हैं।
ढाका, रायटर। बांग्लादेश में बाढ़ से पिछले एक हफ्ते में 30 लोगों की मौत हो गई है और चार लाख से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं। दूसरी नदियों के अलावा गुरुवार को ब्रह्मपुत्र नदी के तटबंध टूट जाने से बाढ़ की विभीषिका और बढ़ गई है।
लगातार हो रही बारिश से उत्तरी और उत्तर पश्चिमी बांग्लादेश के 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बुरी तरह प्रभावित बोगरा जिले के एक अधिकारी ने बताया कि सरकार की तरफ से पीडि़तों के लिए एक हजार अस्थायी शिविर तैयार किए गए हैं।
लेकिन पानी के तेज बहाव और सड़कें टूट जाने से लोग इन शिविरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बड़ी तादाद में लोग अब भी नदियों के तटबंध, रेल पटरियों और राजमार्ग पर डेरा जमाए हैं। अधिकारियों से आशंका जताई है कि बढ़ते जलस्तर से फसलों को नुकसान के अलावा बड़ी संख्या में मवेशियों की जान भी जा सकती है।
राहत और बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश में इस साल बाढ़ का प्रकोप पिछले वर्षो की तुलना में काफी ज्यादा है। अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश मौतें भूस्खलन या घरों के दीवारों के गिरने के अलावा बिजली गिरने और पानी की तेज लहर से हुई है। लोगों को बचाने और सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का काम चल रहा है। सेना, पुलिस और दमकल कर्मी बचाव दलों की मदद कर रहे हैं।