बांग्लादेश में अवामी लीग नेताओं की गिरफ्तारी के बीच सड़कों पर उतरे गारमेंट श्रमिक, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
बांग्लादेश दोहरे संकट में है, जहां अवामी लीग नेताओं की गिरफ्तारी हो रही है और गारमेंट मजदूर न्यूनतम वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल (बांग्लादेश में प्रदर्शन की फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ढाका। पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश इन दिनों दोहरे संकट की आग में झुलस रहा है। एक ओर सत्ता परिवर्तन के बाद अवामी लीग के नेताओं पर कानूनी शिकंजा लगातार कसता जा रहा है, तो दूसरी ओर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले गारमेंट सेक्टर के मजदूर न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं।
चटगांव में स्पेशल रिस्पान्स बटालियन ने सोमवार रात छापेमारी कर अवामी लीग के वरिष्ठ नेता शेख अताउर रहमान (68) को तोड़फोड़ और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। वहीं, ढाका की एक अदालत ने 22 मई के सरकार विरोधी प्रदर्शन और आतंकवाद विरोधी अधिनियम मामले में अभिनेता आरिफ महमूद तमल और पूर्व सचिव मिजानुर रहमान को चार दिन की रिमांड पूरी होने के बाद जेल भेज दिया है।
इस मामले में पूर्व सांसद एसएम अताउल हक डोलोन भी रिमांड पर हैं। मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार से शुरू हुआ यह दमन चक्र मौजूदा बीएनपी शासन में भी जारी है।
सियासी उथल-पुथल के बीच मंगलवार को ढाका के बाहरी इलाके गाजीपुर में गारमेंट मजदूरों का सब्र टूट गया। एक मजदूर की मौत की अफवाह फैलते ही कामगारों ने प्रमुख राजमार्ग जाम कर आगजनी शुरू कर दी, जिसे तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड दागने पड़े।
बढ़ती महंगाई से परेशान 40 लाख से अधिक मजदूर न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका से बढ़ाकर 30 हजार टका करने की मांग कर रहे हैं, जबकि फैक्ट्री मालिक 15 प्रतिशत से अधिक वृद्धि को असंभव बता रहे हैं।
नवंबर की शुरुआत से जारी इस गतिरोध और दर्जनों फैक्ट्रियों के बंद होने से अब तक 317 फैक्ट्रियों को करीब 42.8 करोड़ डॉलर का नुकसान हो चुका है, जिससे वैश्विक खरीदारों के आर्डर भी अन्य देशों की ओर खिसकने लगे हैं।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।