अशरफ गनी को नहीं था यकीन कि इतनी जल्दी काबुल पहुंच जाएगा तालिबान, जानें कब्जे के समय क्या कर रहे थे काम
अफगानिस्तान के अपदस्थ राष्ट्रपति अशरफ गनी तालिबान द्वारा सत्ता अधिग्रहण के लिए तैयार नहीं थे। बीते रविवार को वे केवल अपने पहने हुए कपड़ों के साथ भाग निकले। यह जानकारी अफगानिस्तान सरकार के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
काबुल, एएनआइ। अफगानिस्तान के अपदस्थ राष्ट्रपति अशरफ गनी तालिबान द्वारा सत्ता अधिग्रहण के लिए तैयार नहीं थे। बीते रविवार को वे केवल अपने पहने हुए कपड़ों के साथ भाग निकले। यह जानकारी अफगानिस्तान सरकार के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ने दी। हालांकि रूस की ओर से दावा किया गया था कि अशरफ गनी चार कारों और हेलीकाप्टर में पैसा भरकर भाग निकले। तालिबान के हाथों अफगानिस्तान के पतन की घटनाओं का विवरण देते हुए पूर्व अधिकारियों ने कहा कि काबुल पर तालिबान की चढ़ाई की रफ्तार से सभी स्तब्ध रह गए।
कामचलाऊ सरकार को सत्ता सौंपने के लिए अमेरिकी प्रशासन से बातचीत कर रहा था अशरफ खेमा
तालिबान के आने से कुछ दिन पहले हम लोग एक समावेशी सरकार को सत्ता सौंपने और गनी के इस्तीफे के लिए अमेरिका के साथ समझौते पर काम कर रहे थे। अधिकारी ने कहा कि गनी जल्दबाजी में निकले। वे पहले उज्बेकिस्तान के टर्मेज गए। वहां उन्होंने एक रात बिताई और फिर वहां से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) गए। उनके पास कोई पैसा नहीं था। उनके पास सिर्फ वही कपड़े थे जो उन्होंने पहने हुए थे। अधिकारी के दावे उन रिपोर्टो के विपरीत हैं जिनमें कहा गया था कि गनी लाखों डालर के साथ काबुल छोड़ कर भागे हैं। गनी ने भी इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने रक्तपात रोकने के लिए देश छोड़ा था।
5.1 करोड़ डालर लेकर दुबई भागे उपराष्ट्रपति
नई दिल्ली, आइएएनएस। अमेरिका सरकार की कुछ आधिकारिक रिपोर्टो से पता चलता है कि किस तरह अफगानिस्तान का भ्रष्ट अभिजात्य वर्ग निजी हितों के लिए सत्ता का इस्तेमाल कर रहा था। अमेरिकी राजनयिक केबल से पता चला है कि अफगानिस्तान के एक उपराष्ट्रपति 5.1 करोड़ डालर (लगभग 379 करोड़ रुपये) लेकर दुबई भाग गए हैं। दूसरी तरफ नशीले पदार्थो की तस्करी करने वाले और भ्रष्ट अधिकारी 23.1 करोड़ डालर (लगभग 1,717 करोड़ रुपये) बाहर भेजने के प्रयासों में लगे हुए हैं।