विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप, पुतिन और चिनफिंग की मुलाकात: वैश्विक संकट के बीच हुई महाबैठक में क्या-क्या हुआ?

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:32 PM (IST)

शेनझेन में एपीईसी शिखर सम्मेलन में चिनफिंग ने व्यापार संरक्षणवाद का विरोध किया, जबकि पुतिन ने पश्चिमी प्रतिबंधों की आलोचना ...और पढ़ें

चिनफिंग, पुतिन और ट्रंप की मुलाकात (फोटो- रॉयटर्स)

चिनफिंग, पुतिन और ट्रंप की मुलाकात (फोटो- रॉयटर्स)

HighLights

  1. चिनफिंग ने व्यापार संरक्षणवाद के विरुद्ध खड़े होने का संकल्प जताया।

  2. पुतिन ने यूक्रेन युद्ध पर पश्चिमी प्रतिबंधों की कड़ी आलोचना की।

  3. ट्रंप और पुतिन की अलग से बैठक की योजना बनाई गई।

डिजिटल डेस्क, शेनझेन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहुंचने से पहले चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को तीखे भाषण दिए। चिनफिंग ने व्यापार संरक्षणवाद के विरुद्ध खड़े होने का संकल्प जताया। वहीं, पुतिन ने रूस के यूक्रेन के विरुद्ध युद्ध को लेकर लगाए गए पश्चिमी प्रतिबंधों की आलोचना की।

दक्षिणी चीन के प्रौद्योगिकी केंद्र शेनझेन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन में चिनफिंग ने उद्घाटन भाषण में मुक्त एवं खुले व्यापार का समर्थन करने का आग्रह किया और वैश्विक मंच पर अमेरिका से उलट अपने देश को स्थिर साझेदार के रूप में पेश करने का प्रयास किया।

ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ने टैरिफ बढ़ाए हैं और उनकी विदेश नीति भी अस्थिर रही है। चिनफिंग की टिप्पणी अमेरिका की ओर से एडवांस्ड एआइ चिप तक चीन की पहुंच पर और प्रतिबंध लगाने की घोषणा के बाद आई है। एनवीडिया जैसी कंपनियों की चिप पर ये पाबंदियां चीन के साथ नाजुक व्यापारिक संघर्षविराम को और जटिल बना सकती हैं।

चीन ने जवाबी कार्रवाई का संकल्प जताया है। चिनफिंग ने बिजनेस एक्जीक्यूटिव्स के समूह से कहा, 'हमें विश्व व्यापार संगठन को केंद्र में रहते हुए नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली को मजबूती से कायम रखना चाहिए और मुक्त व खुले व्यापार एवं निवेश का समर्थन करना चाहिए।'

चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन अपने औद्योगिक क्षेत्र और नई तकनीकों में निवेश जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था शुल्क घटाएगी एवं अपने बाजारों को और खोलेगी, लेकिन संरक्षणवाद व एकपक्षवाद के विरुद्ध खड़ी होगी।

चिनफिंग के बाद पुतिन ने भाषण दिया। उन्होंने कहा कि यूरोप अपमानजनक पतन की ओर बढ़ रहा है और यूक्रेन पर हमले के बाद लगाए गए रूस-विरोधी प्रतिबंध उलटे असर डाल रहे हैं।

पुतिन ने कहा, 'अनुभव बताता है कि आर्थिक प्रभुत्व व परोक्ष दबाव के पारंपरिक तरीके काफी हद तक अपना असर खो चुके हैं और उनका डराने वाला प्रभाव भी बहुत कम रह गया है।' उन्होंने कहा, 'प्रतिबंध, शुल्क और निर्यात पर पाबंदियां अब भी कुछ हद तक असर डाल सकती हैं, लेकिन वे विकास को रोकने और प्रतिस्पर्धियों की अर्थव्यवस्थाओं को कुचलने में तो बिल्कुल भी सक्षम नहीं हैं।'

पुतिन ने दुनिया को उथल-पुथल भरा बताया, लेकिन कहा कि मतभेदों को मेज पर बैठकर सुलझाया जा सकता है। इसलिए उन्हें आगामी त्रिपक्षीय बैठक से बड़े संभावित लाभ की उम्मीद है।

पुतिन से अलग मिलने की योजना बना रहे ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप गुरुवार को चीन में पुतिन से अलग से मिलने की योजना बना रहे हैं। यह बैठक त्रिपक्षीय बैठक से इतर होगी। एक अमेरिकी अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। 2025 में अलास्का में हुई मुलाकात के बाद पुतिन और ट्रंप के बीच यह पहली बैठक होगी। अलास्का की बातचीत रूस-यूक्रेन युद्ध में कोई समझौता कराने में नाकाम रही थी।

जापानी पीएम का ठंडा स्वागत

आस्ट्रेलिया, कनाडा, दक्षिण कोरिया और अन्य देशों के नेताओं का स्वागत नर्तकों और राइफलें उठाए सैनिकों ने किया, लेकिन जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के चीन पहुंचने पर कोई स्वागत समारोह नहीं हुआ।

उनकी चीन यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब बीजिंग और टोक्यो के बीच तनाव है। इसकी शुरुआत एक वर्ष पहले हुई थी, जब ताकाइची ने कहा था कि अगर ताइवान पर चीन की कार्रवाई से जापान के क्षेत्र को भी खतरा हुआ, तो जापान अपनी सेना तैनात कर सकता है। (समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।