वंदे भारत मिशन : भारतीयों को लेकर सिडनी से रवाना हुई एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाईट
कोरोना महामारी के कारण ऑस्ट्रेलिया में फंसे भारतीयों को स्पेशल फ्लाईट के जरिए वापस लाया जा रहा है
कैनबरा (ऑस्ट्रेलिया), एएनआइ। वंदे भारत मिशन के तहत सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी एयरपोर्ट से एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट भारत के लिए रवाना हो गई है। सिडनी में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी है। कोरोना महामारी के कारण ऑस्ट्रेलिया में फंसे भारतीयों को इस फ्लाईट के जरिए वापस लाया जा रहा है। दुनियाभर के विभिन्न देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत सरकार की तरफ से वंदे भारत मिशन चलाया गया था, जिसके तहत अब तक लाखों लोगों की घर वापसी हो चुकी है।
भारतीय दूतावास ने ट्वीट करके कहा, "भारतीय नागरिकों को घर वापसी के लिए वंदे भारत मिशन जारी है। इसके जरिए अब तक लाखों लोगों को लाभ पहुंच चुका है। आज सिडनी एयरपोर्ट से एक अन्य स्पेशल फ्लाईट AI 301 दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। धन्यवाद @dfat @airindiain @MEAIndia and @MoCA_GoI"
इससे पहले, नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि 6,000 से अधिक फंसे हुए भारतीय रविवार को दुनिया भर से देश लौट आए हैं। कोरोना वायरस प्रतिबंधों के कारण विदेश में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए मई की शुरुआत में वंदे भारत मिशन शुरू किया गया था।
मालूम हो कि कोरोना वायरस से जुड़े प्रतिबंधों की वजह से विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए भारत सरकार द्वारा सात मई, 2020 को वंदे भारत मिशन की शुरुआत की गई थी। इस मिशन के पहले चरण में सरकार द्वारा खाड़ी देशों के साथ-साथ अमेरिका, ब्रिटेन, फिलीपींस, बांग्लादेश, मलेशिया और मालदीव जैसे देशों में फंसे 6,527 भारतीय को निकाला गया था। इसके बाद मिशन के तहत, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, सऊदी अरब, कुवैत, रूस, बहरीन, आयरलैंड, इटली, जापान, फ्रांस, ताजिकिस्तान, इंडोनेशिया, इटली, आस्ट्रेलिया, यूक्रेन, अमेरिका, ब्रिटेन, मलेशिया, अर्मेनिया, फिलीपींस, किर्गिस्तान जैसे देशों में फंसे अब तक लाखों भारतीयों को वापस लाया जा चुका है।