अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी का आदेश, जल्द छोड़े जाएंगे 2 हजार तालिबानी कैदी
इससे पहले शनिवार को तालिबान ने ईद-उल-फितर के सम्मान में संघर्ष विराम की घोषणा की थी। गनी ने तालिबान की इस पहल का स्वागत किया है।
काबुल, एएनआइ। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने रविवार को 2,000 तालिबान सेनानियों को जेल से छोड़ने का आदेश दिया है। गनी के प्रवक्ता सेदिक सिद्क्की ने इस बात की जानकारी दी है।
इससे पहले शनिवार को तालिबान ने ईद-उल-फितर के सम्मान में संघर्ष विराम की घोषणा की थी। गनी ने तालिबान की इस पहल का स्वागत किया और घोषणा की कि तालिबानी कैदियों को रिहा करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी और समूह से भी ऐसा करने का आग्रह किया गया है।
सेदिक सिद्दक्की ने एक ट्वीट में कहा, "राष्ट्रपति गनी ने आज ईद के दौरान तालिबान की घोषणा के जवाब में सद्भावना का संकेत देते हुए 2,000 तालिबानी कैदियों को रिहा करने के लिए एक प्रक्रिया शुरू की है। अफगानिस्तान सरकार शांति की पेशकश बढ़ा रही है और आगे की सफलता सुनिश्चित करने के लिए और कदम उठा रही है।"
तालिबान ने शनिवार को की संघर्ष विराम की घोषणा
तालिबान ने शनिवार को ईद-उल-फितर पर अफगानिस्तान में तीन दिन के लिए संघर्ष विराम की घोषणा की थी। टोलो न्यूज के मुताबिक तालिबान समूह के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने ट्वीट कर कहा था कि तालिबान अपने दुश्मन बलों पर कोई भी हमला नहीं करेगा, लेकिन संभावित खतरों के खिलाफ अपने बचाव का अधिकार बनाए रखेगा। इस पर अफगानी राष्ट्रपति अशरफ गनी ने तालिबान के इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि अफगान बलों को तीन दिन के संघर्ष विराम का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।
अमेरिका ने की तारीफ
तालिबान के इस फैसले की अमेरिका ने भी तारीफ की है। अमेरिकी विशेष प्रतिनिधि ने अफगानिस्तान की सुलह के लिए इसे एक सकारात्मक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पहल का तुरंत पालन होना चाहिए। अमेरिका में अफगानिस्तान के विशेष प्रतिनिधि खलीलजाद ने इस सिलसिले में सिलसिलेवार कई ट्वीट किए। इसमें उन्होंने कहा कि हम ईद के दौरान संघर्ष विराम का पालन करने के तालिबान के फैसले का स्वागत करते हैं।