अफगानिस्तान के सैनिक चीन में लेंगे प्रशिक्षण, आतंकियों से लड़ाई में मिलेगी मदद
अफगानिस्तान ने चीन से आग्रह किया है कि वह अफगान सुरक्षा बलों को लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध कराए।
बीजिंग, रायटर। चीन में अफगानिस्तान के राजदूत ने गुरुवार को कहा कि प्रशिक्षण के लिए अफगानी सैनिक अब चीन आया करेंगे। अफगानिस्तान को इससे अलकायदा और इस्लामिक स्टेट के आतंकियों से लड़ने में मदद मिलेगी। अफगानिस्तान ने इसके साथ ही चीन से आग्रह किया है कि वह अफगान सुरक्षा बलों को लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध कराए। चीन माउंटेन ब्रिगेड बनाने में भी अफगानिस्तान की मदद कर रहा है।
सीरिया पर हमले के लिए फ्रांस तैयार
पेरिस : फ्रांस के सेनाध्यक्ष ने गुरुवार को कहा कि अगर सीरियाई सरकार अपने उत्तरी प्रांत इदलिब पर कब्जे के लिए विद्रोही संगठनों के खिलाफ रासायनिक हमला करती है तो हम हमले के लिए तैयार हैं। अन्य देशों को इस अभियान में शामिल कर हमला करना हमारे हित में है। अप्रैल में विद्रोही गुटों पर सीरियाई सरकार के रासायनिक हमले के बाद फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन ने मिलकर सरकारी ठिकानों पर 100 से ज्यादा मिसाइलें दागी थीं।
अफगानिस्तान में हवाई हमले में दस तालिबान ढेर
काबुल : अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के बांद-ए-तैमूर इलाके में गुरुवार को वायुसेना के हमले में तालिबान के दस आतंकी मारे गए। इस हमले में आतंकी संगठन के एक जज और डॉक्टर की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हवाई हमले से पहले आतंकी एक सुरक्षा चौकी को निशाना बनाने की फिराक में थे। (आइएएनएस)
हुन सेन के एक और कार्यकाल पर संसद की मुहर
नॉमपेन्ह : कंबोडिया की संसद ने गुरुवार को प्रधानमंत्री हुन सेन के एक और पांच वर्षीय कार्यकाल पर मुहर लगा दी। 66 साल के हुन पिछले 33 वर्षो से कंबोडिया के प्रधानमंत्री हैं। उनके पक्ष में नेशनल असेंबली के 125 सदस्यों ने निर्विरोध वोटिंग की। 29 जुलाई को हुन की कंबोडियन पीपुल्स पार्टी ने आम चुनाव जीता था। चुनाव से पहले ही हालांकि विपक्षी दल कंबोडिया नेशनल रेस्क्यू को भंग कर दिया गया था। (एपी)