अब तक हिरासत में लिए गए 70 IS संदिग्ध, बाकियों की तलाश जारी - मैत्रीपाला सिरिसेना
श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने कहा कि देश में 140 इस्लामिक स्टेट के संदिग्धों में से 70 संदिग्धों को ईस्टर वाले दिन हुए धमाकों के बाद पकड़ा जा चुका हैं।
कोलंबो,आइएएनएस। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने शुक्रवार को कहा कि देश में 140 इस्लामिक स्टेट के संदिग्धों में से 70 संदिग्धों को ईस्टर वाले दिन हुए धमाकों के बाद पकड़ा जा चुका हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक प्रेस कांफ्रेंस में सिरिसेना ने कहा कि उन्होंने श्रीलंका से ग्लोबल आतंकी नेटवर्क के सफाए की कसम खाई है।
उन्होंने आगे कहा, 'हम श्रीलंका से IS को उखाड़ फेकेंगे, जल्द ही बाकी आईएस संदिग्धों को हिरासत में ले लिया जाएगा। हमारी पुलिस और सुरक्षा बल अपने लक्ष को हासिल करने में सक्षम हैं। वहीं उन्होंने आगे कहा कि हम अन्य देशों से भी आतंकी समूह से लड़ने के लिए सहायता लेंगे।
सिरिसेना ने कहा कि रविवार को हमलों का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति की पहचान मोहम्मद ज़हरान के रूप में हुई है। बताया गया कि कोलंबो के शांगरी-ला होटल में धमाके के दौरान इसकी मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि वह स्थानीय इस्लामवादी संगठन नेशनल तौहीद जमात के थे।
बता दें कि बीते रविवार को ईस्टर के मौके पर हुए आत्मघाती हमलों और सिलसिलेवार धमाकों में मृतकों की संख्या 359 हो गई है। पुलिस ने बताया है कि मृतकों में कम से कम 34 विदेशी शामिल हैं। इन हमलों में 500 से अधिक लोग घायल भी हैं। इससे पहले श्रीलंकाई रक्षा मंत्री रुवन विजयवर्धने ने सिलसिलेवार हमलों में सुरक्षा प्रबंधन में चूक की बात मानते हुए कहा था कि राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना सुरक्षा प्रतिष्ठानों में बदलाव करने की योजना बना रहे हैं।