नेपाल में नई सरकार चुनने के लिए हुआ 60 प्रतिशत मतदान, लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
नेपाल में हिंसक जेन जेड आंदोलन के बाद गुरुवार को हुए चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक करोड़ ...और पढ़ें

नेपाल में नई सरकार चुनने के लिए हुआ 60 प्रतिशत मतदान (फोटो- एएनआई)
HighLights
जेन जेड के हिंसक आंदोलन के छह महीने बाद आम चुनाव
गगन थापा, केपी शर्मा ओली, बालेंद्र शाह के दलों में मुकाबला
पीटीआई, काठमांडू। नेपाल में हिंसक जेन जेड आंदोलन के बाद गुरुवार को हुए चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक करोड़ नवासी लाख (1.89 करोड़) मतदाताओं में से 60 प्रतिशत से ज्यादा ने मतदान किया। हिंसा की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
प्रमुख राजनीतिक दल नेपाली कांग्रेस ने गगन थापा को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया है जबकि नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) की ओर से केपी शर्मा ओली प्रधानमंत्री पद दावेदार हैं।
नेपाल में सितंबर 2025 में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के विरोध में युवाओं ने आंदोलन के जरिये ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को अपदस्थ कर दिया था। इसके बाद बनी सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की देखरेख में आम चुनाव हुआ है।
पड़ोसी देश नेपाल से भारत के भी कई हित जुड़े हुए हैं, इसलिए भारतीय प्रेक्षक वहां की चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखे हुए हैं। नेपाल के कार्यकारी मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने कहा है कि नई प्रतिनिधि सभा के गठन के लिए हुआ मतदान शांति और उत्साह से संपन्न हुआ, जल्द ही परिणाम की घोषणा की जाएगी।
रैपर बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली 2022 में बनी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) पुराने राजनीतिक दलों को कड़ी टक्कर दे रही है। बालेंद्र काठमांडू के मेयर हैं और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। जबकि थापा, ओली और पुष्प कमल दहल प्रचंड प्रधानमंत्री पद के बड़े दावेदार हैं।
देश में मतपेटिकाओं को एकत्रित किया जा रहा है। जल्द ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम की घोषणा होगी। मतगणना के जरिये प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित 275 सदस्यों के नामों की घोषणा होगी।
गुरुवार को काठमांडू और आसपास का आकाश साफ था और मौसम सुहावना था, ऐसे में उत्साहित लोगों ने देश के भविष्य के निर्धारण के लिए बड़ी संख्या में मतदान किया।
अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने काठमांडू-5 के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट डाला। नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष गगन थापा ने काठमांडू-4 क्षेत्र में वोट डाला तो पूर्व प्रधामंत्री ओली ने भक्तपुर जिले के बालकोट में मतदान किया।
भारत ने सफल मतदान के लिए बधाई दी
भारत ने नेपाल में सफलतापूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए प्रधानमंत्री सुशीला कार्की और वहां की जनता को बधाई दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारत हमेशा से नेपाल में शांति, प्रगति और स्थिरता का समर्थक रहा है। इस चुनाव को सफलतापूर्वक करवाने के लिए भारत ने नेपाल सरकार के अनुरोध पर हर तरह का सहयोग दिया है।
