श्रीलंका में वीजा उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, 21 विदेशी गिरफ्तार; तीन भारतीय भी शामिल
श्रीलंका में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी रुके होने के आरोप में 21 विदेशियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

श्रीलंका में वीजा खत्म होने पर 21 पर कार्रवाई।
HighLights
श्रीलंका में 21 विदेशी वीजा उल्लंघन पर गिरफ्तार हुए।
गिरफ्तार लोगों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
कोलंबो के मरादाना में पुलिस ने छापेमारी की।
डिजिटल डेस्क, कोलंबो। श्रीलंका में वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी रुकने के आरोप में 21 विदेशियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि उनके सेंट्रल क्राइम ब्यूरो ने सोमवार रात कोलंबो के मध्य इलाके मरादाना में छापेमारी की और इन सभी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए 21 विदेशियों में 12 चीनी नागरिक (जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं), छह बांग्लादेशी और तीन भारतीय हैं। इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी है।
हाल के महीनों में श्रीलंकाई अधिकारियों ने कई विदेशियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य रूप से चीनी नागरिक शामिल हैं। इन पर आरोप है कि वे टूरिस्ट वीजा पर श्रीलंका में रहते हुए साइबर घोटालों में शामिल थे।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)