यमन में फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाला गया, दूतावास ने जताया आभार
यमन में भारतीय दूतावास ने पिछले दो हफ्तों से होदेइदाह और सना में फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकालने की पुष्टि की है।

19 भारतीय नाविक यमन के होदेइदाह और सना से बचाए गए (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
19 भारतीय नाविक यमन के होदेइदाह और सना से बचाए गए
भारतीय दूतावास ने नाविकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की पुष्टि की
बचाव अभियान में सहयोग के लिए दूतावास ने सभी का धन्यवाद किया
डिजिटल डेस्क, दुबई। यमन में भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि पिछले दो हफ्तों से यमन के होदेइदाह और सना में फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
19 भारतीय नाविक बचाए गए
दूतावास ने कहा, 'सभी नाविक सुरक्षित हैं, उनकी सेहत ठीक है और वे भारत वापस आ रहे हैं। हमारे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में बहुमूल्य सहयोग और लगातार समर्थन देने के लिए दूतावास सभी संबंधित लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता है।'
यह बचाव अभियान ऐसे समय में हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही भारत ने बताया था कि यमन के तट के पास एक घटना में शामिल नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सुरक्षित निकाले गए 19 नाविकों में वे 14 लोग भी शामिल हैं या नहीं।
14 भारतीय नागरिक को हूतियों ने बचाया
भारतीय मिशन ने 23 अक्टूबर को बताया था कि होदेइदाह के पास एक नौका पर सवार सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए दूतावास संबंधित पक्षों के संपर्क में है।
कुछ अरब मीडिया संस्थानों ने यमन स्थित हूती समूह के प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से बताया कि सऊदी बलों ने लाल सागर में यमन के तट के पास, युकार द्वीप के निकट एक भारतीय नौका को निशाना बनाया था। सरी ने कहा था कि नौका पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे और हूती बल उन्हें बचा रहे थे।