यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोरोना से सऊदी के शाही परिवार के 150 लोग संक्रमित, सुरक्षा के लिए द्वीप पर गए शाह सलमान
कोरोना वायरस ने सऊदी अरब के शाही परिवार के लगभग 150 लोग वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। शाह सलमान ...और पढ़ें

रियाद [न्यूयॉर्क टाइम्स]। सऊदी अरब द्वारा अपना पहला मामला दर्ज किए जाने के छह सप्ताह से अधिक समय के बाद कोरोना वायरस देश के शाही परिवार में दहशत पैदा कर रहा है। शाही परिवार के एक करीबी व्यक्ति के अनुसार, परिवार के लगभग 150 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें शाही परिवार के दूर के लोग भी शामिल हैं। सऊदी अरब के शाह सलमान ने अपनी सुरक्षा के लिए लाल सागर पर जेद्दा शहर में एक द्वीप महल में खुद को अलग कर लिया है।
शाह सलमान के बेटे क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान अपने कई मंत्रियों के साथ उसी तट पर सुदूर स्थल पर चले गए, जहां उन्होंने नेओम नाम से भविष्य के शहर के निर्माण का वादा किया था। कोरोना के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों ने यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है और मक्का-मदीना समेत मुस्लिमों के पवित्र स्थलों पर तीर्थयात्राओं को प्रतिबंधित कर दिया है।
अधिकारियों ने देश में और बाहर सभी तरह की हवाई और जमीनी यात्रा को भी प्रतिबंधित कर दिया है। उन्होंने अपने सभी ब़़डे शहरों पर 24 घंटे का लॉकडाउन भी लागू कर दिया है। इसके तहत लोगों को निकटतम किराने या दवा की दुकानों तक छोटी यात्राओं की इजाजत दी गई है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि वे इस गर्मी के लिए निर्धारित वार्षिक हज यात्रा को रद करने की संभावना पर विचार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हज यात्रा मुस्लिम विश्वास का एक स्तंभ है। 1798 से यह यात्रा हर साल बिना रकावट के आयोजित होती रही है, जब नेपोलियन ने मिस्र पर हमला किया था। विश्व के सबसे बड़े तेल निर्यातक सऊदी अरब में अब तक कोरोना से 41 लोगों की मौत हो चुकी है और 2,795 लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। वहीं दुनियाभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 15 लाख को पार कर गई है।
