'नर्क में स्वागत है', ईरानी अखबार ने फ्रंट पेज पर अमेरिका के लिए छापी चेतावनी
ईरान के 'तेहरान टाइम्स' अखबार ने अमेरिका को "नर्क में आपका स्वागत है" शीर्षक से चेतावनी दी है। इसमें कहा गया है कि ईरानी धरती पर आने वाले अमेरिकी सैनिक ताबूत में लौटेंगे।

तेहरान टाइम्स अखबार के पहले पन्ने पर छपी चेतावनी।
HighLights
तेहरान टाइम्स ने अमेरिका को "नर्क में आपका स्वागत है" शीर्षक से चेताया।
अमेरिकी सैनिकों को ईरानी धरती पर ताबूत में लौटने की धमकी।
अमेरिका मध्य-पूर्व में 10,000 अतिरिक्त सैनिक तैनात करने पर कर रहा विचार।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के 'तेहरान टाइम्स' अखबार के पहले पन्ने पर शनिवार को वॉशिंगटन के लिए एक खुली चेतावनी छपी मिली। इसका टाइटल "नर्क में आपका स्वागत है" दिया गया। इसमें कहा गया है कि कोई भी अमेरिकी सैनिक जो ईरानी जमीन पर कदम रखेगा, वह "सिर्फ़ ताबूत में ही वापस जाएगा"। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि अमेरिका मध्य-पूर्व में 10,000 तक अतिरिक्त सैनिक तैनात करने पर विचार कर रहा है।
ईरान के अंदर जमीनी कार्रवाई को लेकर अटकलें तेज
इस कदम से यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वॉशिंगटन ईरान के अंदर जमीनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। इस संभावित तैनाती से इस क्षेत्र में अमेरिका की सैन्य मौजूदगी में भारी बढ़ोतरी होगी। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार यह जोर देकर कह रहे है कि तेहरान वॉशिंगटन के साथ शांति वार्ता में लगा हुआ है, जिसका मकसद संघर्ष को खत्म करना है।
जवाबी कार्रवाई में तेहरान हूती सहयोगियों को करेगा सक्रिय
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, इन अतिरिक्त सैनिकों का मकसद ट्रंप को मध्य-पूर्व में सैन्य विकल्पों की एक विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध कराना है। युद्ध के क्षेत्र में ये अतिरिक्त सैनिक उन हजारों पैराट्रूपर्स और मरीन सैनिकों के साथ शामिल हो जाएंगे। जिन्हें पहले ही इस क्षेत्र में भेजा जा चुका है। एक ईरानी अधिकारी ने बुधवार को कहा था कि तेहरान किसी भी अमेरिकी आक्रमण का जवाब यमन में अपने हूती सहयोगियों को सक्रिय करके देगा। हूतियों को लाल सागर में जहाजों पर हमले फिर से शुरू करने का निर्देश दिया जाएगा, जिससे युद्ध का एक नया मोर्चा खुल जाएगा।
खार्ग द्वीप के आस-पास सेना तैनात करने की सुगबुगाहट
वैसे तो ट्रंप लगातार यह कहते रहे हैं कि उनका ईरान में सेना भेजने का कोई इरादा नहीं है। इसलिए यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि ये अतिरिक्त अमेरिकी सैनिक कहां तैनात किए जाएंगे। वॉल स्ट्रीट जर्नल की माने तो सैनिकों को ईरान और खार्ग द्वीप के आस-पास तैनात किया जाएगा। बता दे कि खार्ग द्वीप ईरानी तट से कुछ ही दूरी पर स्थित एक महत्वपूर्ण तेल-निर्यात टर्मिनल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।