होर्मुज में फिर तनाव: ईरान की चेतावनी के बीच UAE तट पर जहाज पर हमला, बाल-बाल बचे क्रू मेंबर्स
यूएई के खोर फक्कन के पास एक बल्क कैरियर से अज्ञात वस्तु टकराने से उसमें आग लग गई, जिसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

यूएई तट पर जहाज पर हमला (सांकेतिक तस्वीर- रॉयटर्स)
HighLights
खोर फक्कन के पास बल्क कैरियर से अज्ञात वस्तु टकराई, आग लगी।
इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं।
ईरान की चेतावनी के बाद खाड़ी क्षेत्र में समुद्री तनाव बढ़ा।
डिजिटल डेस्क, तेहरान। यूएई के खोर फक्कन के पास लंगर डाले हुए एक बल्क कैरियर से एक अज्ञात वस्तु टकरा गई, जिससे जहाज में आग लग गई। यूनाइटेड किंगडम मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के अनुसार, यह घटना खोर फक्कन से 23 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में डिब्बा आउटर पोर्ट लिमिट्स से हुई।
अज्ञात वस्तु जहाज के बाईं और टकराई। इस हादसे में अभी तक किसी से हताहत होने की खबर नहीं है।
दावों की नहीं हुई पुष्टि
यह समुद्री घटना ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के उस दावे के ठीक एक दिन बाद सामने आई हैं, जिसमें कहा गया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों की चपेट में आकर जल उठे। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, आईआरजीसी ने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य सुरक्षा के बावजूद इन जहाजों में विस्फोट हुए, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
IRGC ने दी सख्त चेतावनी
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने शिपिंग कंपनियों और जहाज कमांडरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अनधिकृत रास्तों का इस्तेमाल या समुद्री चेतावनियों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईआरजीसी ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी सुरक्षा का यह मतलब नहीं है कि जहाज उनके नौसैनिक ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर के निर्देशों का उल्लंघन करें। इसे हमलावर ताकतों के साथ मिलीभगत मानकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते इस समुद्री तनाव के बीच कूटनीतिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। वाशिंगटन में कतर के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल-थानी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने आठवें कतर-अमेरिका रणनीतिक संवाद की सह-अध्यक्षता की।
बैठक में दोनों नेताओं ने क्षेत्र के ताजा हालात पर गहन चर्चा की और तनाव कम करने के साथ-साथ क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय और राजनयिक प्रयासों को तेज करने पर जोर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।