विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UAE में बांग्लादेशियों के खिलाफ सख्ती, हजारों वीजा कर दिए गए रद; रहमान सरकार ने उठाया मुद्दा

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:21 PM (IST)

यूएई ने हजारों बांग्लादेशियों के वीजा रद कर दिए हैं, जिससे कई प्रवासी अपने काम और परिवार के पास वापस ...और पढ़ें

यूएई ने हजारों बांग्लादेशी प्रवासियों के वीजा रद्द किए (फोटो- रॉयटर्स)

यूएई ने हजारों बांग्लादेशी प्रवासियों के वीजा रद्द किए (फोटो- रॉयटर्स)

HighLights

  1. यूएई ने हजारों बांग्लादेशी प्रवासियों के वीजा रद किए।

  2. रद वीजा के कारण कई बांग्लादेशी स्वदेश में फंसे।

  3. बांग्लादेश ने यूएई से राजनयिक माध्यम से पुनर्विचार मांगा।

डिजिटल डेस्क, आबूधाबी। UAE ने हजारों बांग्लादेशियों के वीजा को रद कर दिया है, जिससे कई प्रवासी बांग्लादेश में फंस गए हैं। खाड़ी देश में नौकरी, कारोबार और परिवार के पास वापस नहीं लौट पा रहे हैं। बांग्लादेश ने राजनयिक चैनलों के जरिए UAE के सामने ये मुद्दा उठाया और वीजा रद करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

'द डेली स्टार' ने बांग्लादेशी मंत्रालय के सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि प्रभावित बांग्लादेशियों की संख्या 4000 से बढ़कर 4,800 हो गई है। हालांकि UAE ने सार्वजनिक रूप से इस संख्या की पुष्टि नहीं की है।

बिना कारण अपने-आप रद हुए वीजा

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने 30 जुलाई को कहा था कि 626 बांग्लादेशियों के वीजा अपने आप रद हो गए हैं, साथ ही विदेश मंत्रालय ने ये भी कहा कि वीजा रद करने का ये फैसला सिर्फ बांग्लादेशियों के लिए नहीं था, बल्कि दूसरे देशों के नागरिकों पर भी इसका असर पड़ा है।

वीजा रद होने से पहले वापस लौटे बांग्लादेशी

कई बांग्लादेशी नागरिक वीजा रद होने की सूचना से पहले ही छु्ट्टी पर घर लौट आए थे। UAE में 27 साल तक रहने वाले अबुल कलाम आजाद ने 'द डेली स्टार' को बताया, 'वह 7 अप्रैल को बांग्लादेश लौटे थे और उन्हे 24 जुलाई को बिना किसी कारण के वीजा रद होने का ईमेल मिला।'

वीजा रद होने से कारोबार पर पड़ रहा असर

वीजा रद होने से कर्मचारी और कारोबार के मालिक, दोनों प्रभावित हो गए हैं। एक बांग्लादेशी ने बताया, 'UAE में उनके दो कारोबार थे और उनकी पत्नी दुबई में रहती है लेकिन वो अब वापस नहीं लौट पा रहे हैं।'

वीजा रद होने के कारणों की जांच जारी

हाल ही में वीजा रद होने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। 'सेंटर फॉर नॉन रेसिडेंट बांग्लादेशी' के चेयरमैन एमएस शकील चौधरी ने कहा,'मध्य पूर्व में चल रहे व्यापक संघर्ष के बीच UAE अधिकारियों ने जांच-पड़ताल बढ़ा दी है, जिसमें वीजा रिन्यूअल, कागजात और सोशल मीडिया पर हो रही गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने साफ तौर पर ये भी कहा, 'वो यह नहीं कह रहे हैं कि इन वजहों से ही वीजा रद हुए हैं।'

प्रभावित बांग्लादेशियों से मांगी जानकारी

बांग्लादेश के प्रवासी कल्याण मंत्रालय ने हाल ही में प्रभावित बांग्लादेशियों से अपनी जानकारी देने को कहा ताकि सरकार समस्या के दायरे का पता लगा सके। वहीं प्रभावित प्रवासियों ने अपनी पुरानी जगहों पर काम पर लौटने में मदद के लिए आर्थिक सहायता, पुनर्वास और राजनयिक दखल की भी मांग की है।

फिलहाल बांग्लादेश सरकार ने प्रभावित नागरिकों की अंतिम संख्या और वीजा रद होने के पीछे के कारण की घोषणा नहीं की है।

यह भी पढ़ें- BRICS से दूरी, UNGA में मौजूदगी... क्यों भारत के दौरे से हिचक रहे बांग्लादेश के PM तारिक रहमान?