तुर्की ने मारे गए IS सरगना बगदादी की बीवी को पकड़ने का किया दावा
राष्ट्रपति एर्दोगन ने की घोषणा नहीं दी विस्तृत जानकारी।
अंकारा, एपी। तुर्की ने आतंकी संगठन आइएस के मारे गए सरगना अबू बकर अल-बगदादी की एक पत्नी को गिरफ्तार करने का दावा किया हैा। तुर्की के राष्ट्रपति रिसेप तैयब एर्दोगन ने बुधवार को यह घोषणा की।
राजधानी अंकारा में एक समारोह में एर्दोगन ने बगदादी की बीवी के पकड़े जाने की घोषणा की। लेकिन यह नहीं बताया कि उसे कब और कैसे पकड़ा गया और किस तरह उसकी पहचान हुई।
बताया जाता है कि बगदादी की चार पत्नियां थीं। उसके एक करीबी ने भी बताया कि बगदादी की चार पत्नियां थीं। इस्लामिक कानून उसे एक बार में इतनी ही पत्नियां रखने की इजाजत देता है।
अमेरिका पर बगदादी के मारे जाने खबर को सनसनीखेज बनाने का आरोप लगाते हुए एर्दोगन ने कहा कि हमने उसकी पत्नी को पकड़ लिया है और पहली बार इसकी घोषणा कर रहे हैं। इससे पहले तुर्की ने सीरिया में बगदादी की बहन रसमिया अवद, उसके पति और उसकी बहू को पकड़ने का दावा किया था।
आइएस सरगना बगदादी 26 अक्टूबर को अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान एक सुरंग में घिर जाने पर खुद को उड़ा लिया था। धमाके में उसके साथ उसके दो बेटे भी मारे गए थे।