विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होर्मुज पर टकराव तेज, ईरान ने अमेरिकी एफ-16 को खदेड़ने का किया दावा; कुवैत ने ईरानी राजदूत को किया तलब

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:22 AM (IST)

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आइआरजीसी) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को ईरान के दक्षिणी हवाई क्षेत्र से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

होर्मुज पर टकराव तेज, ईरान ने अमेरिकी एफ-16 को खदेड़ने का किया दावा

होर्मुज पर टकराव तेज, ईरान ने अमेरिकी एफ-16 को खदेड़ने का किया दावा

HighLights

  1. आईआरजीसी बोला- वायु रक्षा प्रणाली की चेतावनी के बाद विमान ने बदला रास्ता, नाकेबंदी तोड़ने का संकल्प दोहराया

  2. कुवैत में ड्रोन हमले में दो इटलीवासियों की मौत पर तेहरान ने झाड़ा पल्ला, कुवैत ने ईरानी राजदूत को किया तलब

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आइआरजीसी) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को ईरान के दक्षिणी हवाई क्षेत्र से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

एएनआई के अनुसार, यह घटना होर्मुज में हेंगम द्वीप के पास हुई। ईरान ने इसे अपनी रक्षा क्षमताओं का नतीजा बताते हुए अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने का संकल्प भी दोहराया है।

आईआरजीसी के अनुसार, उसकी एयरोस्पेस फोर्स की नई और उन्नत वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिकी विमान को चेतावनी देने के लिए गोलीबारी की। इसके बाद पायलट ने अचानक विमान का रास्ता बदला और इलाके से पीछे हट गया।

अल जजीरा के अनुसार, आईआरजीसी एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर सैयद माजिद मौसवी ने एक्स पर कहा कि अमेरिका को हवा और समुद्र, दोनों मोर्चों पर कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ईरान की राष्ट्रीय इच्छाशक्ति और रक्षा क्षमताओं के सामने कोई नाकेबंदी नहीं टिकेगी। नाकेबंदी तोड़ना देश का दृढ़ मिशन है। उन्होंने होर्मुज में ईरान के समुद्री यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

होर्मुज पर पूरा नियंत्रण होने का दावा

रॉयटर के अनुसार, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के सदस्य एस्माईल कौसरी ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का पूरा नियंत्रण है।

उन्होंने कहा कि देश की सेना 1987 से इस रणनीतिक जलमार्ग पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है। ईरान अपने विरोधियों को यहां प्रभाव कायम करने की अनुमति नहीं देगा।

उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गणनाओं को बदल दिया है।

कुवैत में ड्रोन हमले पर आमने-सामने

दूसरी ओर, कुवैत में ड्रोन हमले में दो इटलीवासियों की मौत को लेकर भी तनाव बढ़ गया है। आईएएनएस के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने घटना में तेहरान की भूमिका से इनकार किया और इसे युद्ध की पहले से तैयार पटकथा जैसा बताया। उन्होंने जांच में कुवैत और इटली के साथ सहयोग की पेशकश की है।

हालांकि, अल जजीरा के अनुसार, कुवैत ने ईरान के राजदूत मोहम्मद तोतोंची को तलब कर कथित ईरानी आक्रामकता पर विरोध दर्ज कराया।

उधर, आइआरजीसी ने होर्मुज में एक टैंकर के बारूदी सुरंग से टकराने और विस्फोट होने का दावा किया है।

ईरानी पुलिस ने भी दक्षिण-पूर्वी इलाके में एक दुश्मन ड्रोन को मार गिराने की बात कही है। ईरानी नौसेना के कमांडर शाहराम ईरानी ने दो तेल टैंकरों को अमेरिकी कब्जे से वापस हासिल करने का दावा किया, हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।