तालिबान ने अफगानिस्तान के कोहिस्तान जिले पर किया कब्जा
तालिबान के बढ़ते हमलों से भारी दबाव में हैं सुरक्षा बल
काबुल, एपी/रायटर : कई दिनों के संघर्ष के बाद तालिबान ने उत्तरी अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत के कोहिस्तान जिले पर भी कब्जा कर लिया है। बदख्शां का यह तीसरा जिला है जिस पर आतंकी संगठन ने कब्जा जमाया है। पिछले एक महीने से तालिबान ने अफगानिस्तान में अपने हमले तेज कर दिए हैं। तालिबान के बढ़ते हमलों से सुरक्षा बल भारी दबाव में हैं।
प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता सनाउल्ला रूहानी ने कहा, गुरुवार रात हमने बदख्शां की राजधानी फैजाबाद के नजदीक कोहिस्तान जिले को तालिबान के हाथों गंवा दिया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हमें समय पर रसद और अन्य मदद नहीं मिल सकी। रसद खत्म होने के कारण सुरक्षा बलों ने दक्षिणी फैजाबाद स्थित कई सुरक्षा चौकियां खाली छोड़ दी थीं। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने दावा किया कि इस लड़ाई में 15 सुरक्षा बल मारे गए। सुरक्षा बलों के तीन ट्रक और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी तालिबान के हाथ लगे हैं। बदख्शां की सीमाएं ताजकिस्तान, चीन और पाकिस्तान से लगती हैं। यह तालिबान का गढ़ नहीं है, इसके बावजूद आतंकी संगठन सूबे में अपनी पैठ बढ़ाता जा रहा है।