अफगानिस्तान: गजनी में सुरक्षा चौकी पर तालिबानी हमला, 7 पुलिसकर्मी शहीद
अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में तालिबानी द्वारा 7 पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतार दिया है।
काबुल, एपी। अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में तालिबानी द्वारा 7 पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतार दिया है। अफगानिस्तान के एक अधिकारी की मानें तो मध्य प्रांत गजनी में तालिबानी ग्रुप ने एक सुरक्षा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया था। प्रांतीय राज्यपाल के प्रवक्ता आरिफ नूर ने ये भी बताया है कि गुरुवार की सुबह वघाज में हुई इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल भी हुए हैं। तालिबानी प्रवक्ता ने बताया है कि इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है।
वहीं, एक अलग घटना में उत्तर-पश्चिमी प्रांत बड़घिस में 15 पुलिसकर्मियों ने तालिबानी ग्रुप के सामने सरेंडर कर दिया है। इस बात की जानकारी प्रांतीय काउंसिल के सदस्य मोहम्मद नसीर नज़ारी ने दी है। अफगानिस्तान के परेशान सुरक्षाबलों पर आए दिन तालिबानी हमला हो रहा है। विद्रोहियों ने देश के सुरक्षा बलों के खिलाफ अपने हमले जारी रखे हुए हैं, साथ ही साथ अमेरिका के साथ शांति वार्ता को भी जारी रखा है।
पहले चरण में इस महीने के अंत में इंटरा-अफगान वार्ता भी होगी, जिसमें शांति वार्ता के लिए अफगान सरकार भी शामिल होगी। लेकिन आए दिन हो रहे इस हमले से देश का माहौल खराब हो रहा है। आपको बता दें, इससे पहले सुरक्षाबलों और तालिबानियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिसकर्मियों ने 100 के करीब तालिबानियों को ठिकाने लगा दिय़ा था। लेकिन, गुरुवार को सुरक्षाबलों के आउटपोस्ट पर हुए इस हमले में आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं।