यमन में सऊदी अरब के हवाई हमले में सात बच्चों समेत 12 की मौत
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि हमले में एक घर धराशायी हो गया। इस घर में विभिन्न प्रांतों से विस्थापित होकर आए लोगों ने शरण ली थी।
यमन, रायटर। यमन के तटीय शहर होदैदा में सोमवार को सऊदी अरब के हवाई हमले में सात बच्चों समेत 12 लोगों की जान चली गई। मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के थे। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि हमले में एक घर धराशायी हो गया। इस घर में विभिन्न प्रांतों से विस्थापित होकर आए लोगों ने शरण ली थी।
होदैदा में यमन का सबसे बड़ा बंदरगाह है जिसके जरिये भुखमरी के कगार पर पहुंचे लोगों को राहत सामग्री पहुंचाई जाती है। यह बंदरगाह ईरान समर्थित हाउती विद्रोहियों के नियंत्रण में है। उल्लेखनीय है कि यमन में राष्ट्रपति अब्द-रबू मंसूर हादी की सरकार को स्थापित करने के लिए 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व में कई इस्लामिक देशों की गठबंधन सेना ने हाउती विद्रोहियों से जारी गृहयुद्ध में हस्तक्षेप किया था। तब से यह गठबंधन सेना देश में कई हवाई हमले कर चुकी है। इस युद्ध में 10 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और 20 लाख के करीब लोग विस्थापित हो चुके हैं।