सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव जारी, रियाद की सबसे ऊंची बिल्डिंग पर किया गया हमला
सऊदी अरब ने इस हमले की पुष्टि की है लेकिन किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी है। इससे पहले आठ नवंबर को इलाके में स्थित तेल कंपनी अरामको के कॉर्पोरेट आफिस को हूती ने निशाना बनाया था।

रियाद की सबसे ऊंची बिल्डिंग पर किया गया हमला (फोटो- रॉयटर)
HighLights
80 मंजिला पीआईएफ टावर की सात-आठ मंजिलें तबाह
सऊदी अफसरों ने कहा, कई महीने चल सकती है लड़ाई
लड़ाई के बावजूद सऊदी अरब का तेल निर्यात बढ़ा
रॉयटर, रियाद। यमन के हूती लड़ाकों के सऊदी अरब पर गुरुवार के मिसाइल हमले में रियाद स्थित पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआइएफ) मुख्यालय के भवन को भारी नुकसान हुआ है।
हूती के हमले में सऊदी राजधानी रियाद की 80 मंजिलों वाली सबसे ऊंची बिल्डिंग निशाना बनी है और उसकी सात-आठ मंजिलें तबाह हो गई हैं। हमले में बिल्डिंग के नजदीकी भवनों में भी नुकसान होने के साथ उनमें आग लग गई है।
सऊदी अरब ने इस हमले की पुष्टि की है लेकिन किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी है। इससे पहले आठ नवंबर को इलाके में स्थित तेल कंपनी अरामको के कॉर्पोरेट आफिस को हूती ने निशाना बनाया था।
हूती के हमलों के बावजूद सऊदी अरब का तेल निर्यात फिर बढ़ गया है। सितंबर के आंकड़े सामने आने के बाद पता चला है कि यह बीते सात महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
सितंबर में सऊदी अरब से प्रतिदिन 50 लाख बैरल से ज्यादा कच्चे तेल का निर्यात हुआ। इसी का असर था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल का मूल्य 100 डॉलर प्रति बैरल से कम बना हुआ है।
बताया गया है कि हूती के हमले का शिकार हुई पीआइएफ बिल्डिंग किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित है।
पता चला है कि हूती की दागी गई मिसाइल तेज आवाज के साथ बिल्डिंग से टकराई जिससे पूरी राजधानी दहल गई। बुधवार-गुरुवार रात हुए हमले के बाद इस क्षेत्र में जाने पर रोक लगा दी गई है।
रियाद के प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए कहा है। जबकि हूती ने बताया है कि यमन में उसकी राजधानी सना पर सऊदी अरब ने गुरुवार रात बमबारी की जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं।
इस बीच सऊदी अधिकारियों ने कहा है कि यमन में लड़ाई कई महीने और खिंच सकती है जिसका असर सऊदी अरब पर भी पड़ेगा।
नाम सार्वजनिक न करते हुए अधिकारियों ने कहा है कि अगर अमेरिका इस लड़ाई में हस्तक्षेप करे तो हालात बदल सकते हैं और जल्द शांति स्थापित हो सकती है। लेकिन ईरान के बाद अब यमन की लड़ाई में फंसना अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को उचित नहीं लग रहा है।