विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिन बाद फिर से खुला रियाद का किंग खालिद एयरपोर्ट, हूती विद्रोहियों के हमले के बाद से था बंद

Published: Sun, 25 Oct 2026 09:59 PM (IST)

रियाद का किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दो हफ्ते बाद फिर से खुल गया है, हालांकि हूती लड़ाकों ने राजधानी ...और पढ़ें

रियाद में फिर खुला किंग खालिद हवाई अड्डा

रियाद में फिर खुला किंग खालिद हवाई अड्डा

HighLights

  1. रियाद हवाई अड्डा 15 दिन बाद फिर से खुला।

  2. सऊदी अरब ने हूती मिसाइलें और ड्रोन रोके।

  3. भारतीय दूतावास ने नागरिकों को दी चेतावनी।

डिजिटल डेस्क, रियाद। सऊदी अरब ने रविवार को दो हफ्ते से बंद राजधानी रियाद का किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विमानों के आवागमन के लिए खोल दिया। लेकिन राजधानी के दक्षिणी हिस्से में उसे हूती लड़ाकों की छोड़ी मिसाइलों और ड्रोन को भी रोकना पड़ा।

हूती ने कहा है कि वह रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को फिर निशाना बनाएगा। ऐसे में सऊदी अरब के आकाश के यात्री विमानों के लिए सुरक्षित होने को लेकर संदेह है।

रविवार को सऊदी प्रशासन ने रियाद, आभा और खामिस मुशैत पर हवाई हमले का अलर्ट का जारी किया। इन तीनों ही स्थानों पर नागरिक और सैन्य हवाई अड्डे हैं। ये वे हवाई अड्डे हैं जिन पर हमले का हूती ने शनिवार को ही दावा किया था। इससे पहले के दिनों में भी हूती ने इन हवाई अड्डों और अन्य सऊदी ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं।

सऊदी अरब ने रविवार को हूती की दागीं कुल 10 बैलेस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर आकाश में ही नष्ट करने का दावा किया है। रियाद का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 10 अक्टूबर को हूती के मिसाइल हमले के बाद बंद कर दिया गया था। उस हमले में एक भारतीय समेत 13 लोग मारे गए थे।

विदित हो कि यमन के एक तिहाई हिस्से पर 2014 से कब्जा किए ईरान समर्थित हूती लड़ाकों की यमन की सरकारी सेना व सऊदी अरब से सितंबर के प्रारंभ से लड़ाई चल रही है। इस लड़ाई में फिलहाल हूती का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

मिसाइल इंटरसेप्ट किए जाने का वीडियो न बनाएं भारतीय

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले और वहां यात्रा पर गए भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। कहा गया है कि वे इन दिनों लड़ाई से संबंधित किसी भी घटना की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें। वे आकाश में जाती मिसाइलों-ड्रोन और उन्हें इंटरसेप्ट की जाने वाली कार्रवाई का फोटो या वीडियो न बनाएं।

इंटरनेट मीडिया पर ऐसे किसी फोटो या वीडियो को न लाइक करें और न उसे फारवर्ड करें। विदित हो कि सऊदी अरब में लगभग 28 लाख भारतीय रहते हैं। दूतावास ने यह एडवाइजरी सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा निदेशालय के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए जारी की है।

(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- इजरायल चुनाव: क्या नेतन्याहू सुरक्षा मोर्चे पर मिली सफलताओं को राजनीतिक जीत में बदल पाएंगे?