पश्चिम एशिया में तनाव के बीच लाल सागर में जहाज पर हमला, बाब अल-मंदेब से भी आवाजाही रोकने की ईरान दे चुका धमकी
लाल सागर में यमन के पास एक मालवाहक जहाज पर हमला हुआ, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। ...और पढ़ें
-1783290328778_m.webp)
HighLights
लाल सागर में यमन के पास मालवाहक जहाज पर हमला हुआ।
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच यह पहला मालवाहक जहाज हमला।
हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है।
डिजिटल डेस्क, काहिरा। यमन के नजदीक लाल सागर क्षेत्र में रविवार को एक मालवाही जहाज पर हमला हुआ। पश्चिम एशिया की अशांत स्थिति के बीच किसी मालवाही जहाज पर हुआ यह पहला हमला है। हमले में जान-माल के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। यह जानकारी यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड आपरेशंस सेंटर ने दी है।
ताजा हमला यमन के तटवर्ती शहर होदेदा के नजदीक हुआ है। यह शहर ईरान समर्थित हूती सशस्त्र संगठन के नियंत्रण में है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला हूती ने ही किया या किसी अन्य संगठन ने। हूती या किसी अन्य संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वारदात में सोमालियाई लुटेरों के शामिल होने का शक है।
वैसे ईरान पर दोबारा हुए हमलों के बाद हूती ने जहाजों पर फिर से हमले शुरु करने की धमकी दी थी। ईरान ने भी अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध बढ़ने की स्थिति में लाल सागर के बाब अल-मंदेब को भी अवरुद्ध करने की धमकी दी थी।
यह संकरा समुद्री रास्ता भी विश्व व्यापार के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है और इससे होकर बड़ी संख्या में मालवाही जहाजों की आवाजाही होती है।
युद्ध के बीच ईरान ने अरब सागर में स्थित होर्मुज स्ट्रेट को रोक दिया था। इससे कच्चे तेल की आमद रुक गई थी और उसका असर विश्व की अर्थव्यवस्था पर पड़ा था।
अब होर्मुज स्ट्रेट से मालवाही जहाजों की सीमित आवाजाही शुरू हो गई है। इससे विश्व ने राहत की सांस ली है लेकिन लाल सागर में मालवाही जहाज पर ताजा हमले ने खतरे का संकेत दे दिया है।
