विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान पर सैन्य कार्रवाई से भड़क सकती है चौतरफा जंग, खुफिया एजेंसियों ने नेतन्याहू को किया आगाह

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:43 PM (IST)

इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू की ईरान पर सैन्य हमले की तैयारी को उनकी खुफिया एजेंसियों ने झटका दिया है। 

नेतन्याहू की ईरान पर सैन्य हमले की तैयारी को झटका (प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू,फाइल फोटो)

नेतन्याहू की ईरान पर सैन्य हमले की तैयारी को झटका (प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू,फाइल फोटो)

HighLights

  1. नेतन्याहू की ईरान पर सैन्य हमले की तैयारी को झटका

  2. इजरायली खुफिया एजेंसियों ने क्षेत्रीय युद्ध की चेतावनी दी

  3. ईरान ने किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब देने को कहा

डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। ईरान पर नए सैन्य हमले की तैयारी में जुटे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को अपनी ही सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की चेतावनी से झटका लगा है।

इजरायली अधिकारियों ने उन्हें आगाह किया है कि ईरान पर हमला केवल कुछ दिनों का सैन्य अभियान बनकर नहीं रह जाएगा, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र में व्यापक युद्ध छिड़ सकता है।

लेबनान, सीरिया और गाजा जैसे संवेदनशील मोर्चों पर भी संघर्ष तेज होने का खतरा है। अधिकारियों का आकलन है कि ऐसी स्थिति में सैन्य कार्रवाई को सीमित समय में समेटना मुश्किल होगा।

नेतन्याहू की ईरान पर सैन्य हमले की तैयारी को झटका

'टाइम्स आफ इजरायल' के अनुसार, चैनल-12 ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि नेतन्याहू और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ हुई एक गोपनीय बैठक में यह आकलन पेश किया गया।

पिछले कुछ सप्ताह से ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर इजरायल के सुरक्षा और खुफिया तंत्र में लगातार विचार-विमर्श चल रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सैन्य खुफिया अधिकारियों का मानना है कि ईरान पर हमला होने की स्थिति में संघर्ष कई मोर्चों पर फैल सकता है।

इसके बावजूद नेतन्याहू और मोसाद प्रमुख रोमन गोफमैन ने हमले को तीन से पांच दिनों के भीतर नियंत्रित करने की संभावना पर विचार किया था। हालांकि, सुरक्षा अधिकारियों की चेतावनी इस रणनीति की व्यावहारिकता पर सवाल खड़े करती है।

इससे पहले चैनल-13 ने दावा किया था कि नेतन्याहू ने वरिष्ठ मंत्रियों और सुरक्षा अधिकारियों से कहा था कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान अब अपरिहार्य है।

इसके पीछे यह भी माना जा रहा था कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कई दिनों तक चलने वाली सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार कर लिया है।

ईरान ने दी कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

इस बीच, ईरान ने भी किसी संभावित हमले को लेकर सख्त रुख अपनाया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को चेतावनी दी कि अमेरिका की ओर से किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई का रिवोल्यूशनरी गार्ड मुंहतोड़ जवाब देगा।

बघाई ने ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों का संचालन करने वाली रिवोल्यूशनरी गार्ड की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर जनरल माजिद मूसावी का जिक्र करते हुए कहा कि वह उचित समय पर इसका जवाब देंगे। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि जवाब इतनी सटीकता और करीने से दिया जाएगा कि हमलावर उसे समझ जाएंगे।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।