विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इजरायल में नेतन्याहू और आइसेनकोट की मुलाकात, सरकार गठन पर नहीं बनी बात

Published: Mon, 30 Nov 2026 02:34 AM (IST)

इजरायल में सरकार गठन को लेकर कार्यवाहक पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और मनोनीत पीएम गादी आइसेनकोट के बीच दो घंटे बैठक हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई।

नेतन्याहू-आइसेनकोट की हुई मुलाकात लेकिन नहीं बनी बात(फाइल फोटो)

नेतन्याहू-आइसेनकोट की हुई मुलाकात लेकिन नहीं बनी बात(फाइल फोटो)

HighLights

  1. नेतन्याहू-आइसेनकोट की दो घंटे लंबी बैठक बेनतीजा रही।

  2. आइसेनकोट कार्यालय ने नेतन्याहू से आगे बात करने से मना किया।

  3. विपक्षी दल आइसेनकोट पर नेतन्याहू से दूर रहने का दबाव।

डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में सरकार बनाने की कोशिश में रविवार को एक बार फिर कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और मनोनीत प्रधानमंत्री गादी आइसेनकोट की बैठक हुई। दो घंटे चली इस बैठक के बाद कोई ऐसी घोषणा नहीं हुई जिसमें लगे कि दोनों नेता साथ आकर नई सरकार बना रहे हैं।

जबकि नेतन्याहू शनिवार को ही रोटेशन वाली व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री पद पहले आइसेनकोट को देने के लिए तैयार होने की घोषणा कर चुके हैं। पांच हफ्तों में दूसरी बार दोनों नेताओं की बैठक के बाद आइसेनकोट के कार्यालय ने कहा है कि अब सरकार गठन पर वार्ता के लिए नेतन्याहू के साथ बैठक नहीं होगी।

इस बीच पूर्व सेना प्रमुख आइसेनकोट ने सोमवार को समर्थन देने वाले सभी विपक्षी दलों के सांसदों से संसद नीसेट में मौजूद रहने के लिए कहा है। इससे 30 नवंबर को नई सरकार गठित होने की संभावना बढ़ गई है।

नेतन्याहू और आइसेनकोट इजरायली सेना और एजेंसियों की सिक्युरिटी ब्रीफिंग प्राप्त करने के लिए आए थे लेकिन उसके बाद उनके बीच सरकार गठन पर चर्चा होने लगी और वह दो घंटे तक चली। जबकि आइसेनकोट पूर्व में कई बार नेतन्याहू को प्रधानमंत्री पद के लायक न होने और इजरायल के भविष्य के लिए खतरनाक होने की बात कह चुके हैं।

इस बीच अरब पार्टियों के गठबंधन ज्वाइंट लिस्ट के नेता यूसेफ जबरीन ने आइसेनकोट से नेतन्याहू के साथ आकर सरकार बनाने के प्रस्ताव को अस्वीकार करने का अनुरोध किया है। कहा कि समय आ गया है जब यहूदी और अरब लोगों की इच्छा के अनुरूप नेतन्याहू को देश की सत्ता से हटाया जाए।

आइसेनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल पार्टी के नेता पूर्व प्रधानमंत्री याइर लैपिड ने कहा है कि नेतन्याहू का साथ मिलकर सरकार बनाने का प्रस्ताव वास्तव में धोखा है। आइसेनकोट को इस प्रस्ताव को सार्वजनिक रूप से अस्वीकार कर देना चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री नाफ्ताली बेनेट ने भी आइसेनकोट से इसी प्रकार का अनुरोध किया है।

27 अक्टूबर को हुए चुनाव में आइसेनकोट और बाकी के विपक्षी दलों ने नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए जनता से वोट मांगे थे। अब इन्हीं विपक्षी दलों का आइसेनकोट पर दबाव है कि वह बहुमत का सम्मान करें और अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाएं।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।