विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युद्धविराम पर इजरायल ने लगाया ग्रहण: लेबनान पर हमले से संकट में होर्मुज; अब शांतिवार्ता का क्या होगा?

Published: Thu, 09 Apr 2026 11:56 PM (IST)

लेबनान में इजरायली हवाई हमलों से अमेरिका-ईरान युद्धविराम संकट में है, जिससे क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है। 250 से अधिक लोग मारे गए हैं।

मोजताबा खामेनेई, डोनल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू, (जागरण ग्राफिक्स )

मोजताबा खामेनेई, डोनल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू, (जागरण ग्राफिक्स )

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लेबनान में इजरायल के नए हवाई हमलों ने अमेरिका-ईरान युद्धविराम को फिर संकट में डाल दिया है। गुरुवार को दक्षिणी लेबनान और बेरूत के कई इलाकों में इजरायली हमलों में 250 से अधिक लोगों की मौत के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया।

इजरायल ने स्पष्ट कहा कि लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ उसकी कार्रवाई युद्धविराम के दायरे में नहीं आती, जबकि ईरान और पाकिस्तान का कहना है कि लेबनान को समझौते में शामिल किया गया था।

AFP_A7A48P3

लेबनान को US ने सीजफायर से बाहर बताया 

अमेरिका ने भी युद्धविराम समझौते से लेबनान को बाहर बताया है। वहीं, लेबनान में तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य अब भी लगभग बंद है। ईरान की ओर से शांति वार्ता का नेतृत्व करने वाले संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ ने युद्धविराम से जुड़ी तीन अहम शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि अब बातचीत का कोई मतलब नहीं रह गया। पाकिस्तान में शुक्रवार से शुरू होने जा रही अमेरिका-ईरान शांतिवार्ता पर भी आशंका गहराने लगी है।

ईरान के राजदूत अमीरी मोघदम ने गलीबाफ के बयान के बाद एक्स से अपनी वह पोस्ट हटा दी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि ईरानी वार्ताकारों का दल गुरुवार शाम तक इस्लामाबाद पहुंचेगा। युद्ध की पहली औपचारिक शांति वार्ता से पहले पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पांच सितारा सेरेना होटल को वार्ता के लिए खाली कराया गया है, जहां अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल ठहरने वाले हैं।

इस्लामाबाद में होगी शांतिवार्ता 

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस करेंगे। इस्लामाबाद में स्कूल-कालेजों में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है। वहीं होटल के तीन किलोमीटर के दायरे में लाकडाउन लगा दिया गया है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी वजह से समझौते का पालन नहीं हुआ तो पहले से भी भयावह गोलीबारी दोबारा शुरू होगी।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शांति वार्ता से पहले लेबनान में इजरायली कार्रवाई की कड़ी निंदा की, जबकि ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि 'हमारी अंगुलियां ट्रिगर पर हैं।' फ्रांस समेत कई देशों ने भी लेबनान पर इजरायली हमलों की आलोचना की है।

रायटर के अनुसार, इजरायली सेना ने दावा किया कि उसने हिजबुल्ला प्रमुख नईम कासिम के भतीजे खारशी को मार गिराया है, जो उनके निजी सचिव और करीबी सलाहकार थे तथा दफ्तर के संचालन और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते थे। सेना ने दक्षिणी लेबनान में कई रणनीतिक ठिकानों को भी निशाना बनाया।

इसके जवाब में हिजबुल्ला ने कहा कि उसने इजरायली बलों के खिलाफ 20 अभियान चलाए और सीमित हमले फिर शुरू किए। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल हिजबुल्ला पर पूरी ताकत, सटीकता और दृढ़ता से हमला करेगा।

Iran uranium enrichment

लेबनान में 250 से ज्यादा मौत 

लेबनान मीडिया के अनुसार बुधवार रात दक्षिणी लेबनान में सात और लोग मारे गए। बुधवार को कुल 203 लोगों की मौत हुई, जिनके लिए गुरुवार को देश में एक दिन का शोक रखा गया। बचावकर्मियों ने बताया कि घटनास्थलों पर समूचे शव लगभग नहीं मिले, हर ओर शवों के चीथड़े बिखरे थे और कई परिवार पूरी तरह खत्म हो गए।लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर पूछकर स्पष्टता मांगी कि ईरान के साथ लागू युद्धविराम में लेबनान शामिल है या नहीं।

पाकिस्तानी सूत्रों के अनुसार आगामी वार्ता में लेबनान और यमन दोनों के लिए अलग युद्धविराम व्यवस्था पर चर्चा होगी। ब्रिटेन और फ्रांस सहित कई देशों ने युद्धविराम को लेबनान तक विस्तारित करने की मांग की है।

एपी के अनुसार, गलीबाफ ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के 10 बिंदुओं वाले प्रस्ताव को बातचीत का आधार माना था, लेकिन वार्ता शुरू होने से पहले ही उसकी शर्तें टूट गईं। उनके अनुसार पहली शर्त लेबनान में युद्धविराम थी, दूसरी शर्त ईरान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन न होना था, जबकि फार्स प्रांत के लार शहर में एक ड्रोन घुसपैठ कर चुका है जिसे मार गिराया गया।

तीसरी शर्त ईरान के यूरेनियम संवर्धन के अधिकार की मान्यता थी, जिसे अब अमेरिका नकार रहा है। उन्होंने कहा कि जिस आधार पर बातचीत होनी थी, वही टूट चुका है, इसलिए अब द्विपक्षीय युद्धविराम या वार्ता तर्कसंगत नहीं रह गई।

एएनआइ के अनुसार, ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने स्पष्ट कहा कि उनका देश यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम बंद नहीं करेगा। उप विदेश मंत्री सईद कातिबजादेह ने बीबीसी से कहा कि पश्चिम एशिया में अमेरिकी आक्रामकता समाप्त होने और लेबनान पर इजरायली हमले रुकने के बाद ही होर्मुज से जहाजों का आवागमन अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार सामान्य होगा।

ईरान ने समुद्र में बिछाई माइंस

तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने जहाजों के लिए नया समुद्री नक्शा जारी किया है ताकि वे जलमार्ग में बिछी बारूदी सुरंगों से बच सकें।

न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, लेबनान में तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य अब भी लगभग बंद है। युद्ध से पहले जहां प्रतिदिन लगभग 140 जहाज गुजरते थे, वहीं युद्धविराम के शुरुआती 24 घंटों में केवल एक तेल टैंकर और छह मालवाहक जहाज गुजर सके, जिनमें एक भारतीय जहाज भी शामिल है।

Iranian navy threat

ईरान ने कहा है कि युद्धविराम के दौरान होर्मुज से प्रतिदिन अधिकतम 15 जहाज ही गुजर पाएंगे। इससे तत्काल आपूर्ति वाले तेल के दाम रिकार्ड स्तर के करीब पहुंच गए हैं और कुछ एशियाई व यूरोपीय रिफाइनरियां 150 डॉलर प्रति बैरल तक भुगतान कर रही हैं।

यूएई की बड़ी तेल कंपनी के प्रमुख सुल्तान अल जाबेर ने कहा कि उनके 230 तेल टैंकर पूरी तरह भरे हुए हैं और आगे बढ़ने की अनुमति का इंतजार कर रहे हैं। ईरान में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु के 40वें दिन बड़े पैमाने पर शोक सभाएं आयोजित की गईं, जिन्हें सरकारी मीडिया ने राष्ट्रीय एकजुटता का प्रदर्शन बताया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।